राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

Weather Update: MP-UP, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश-ओले का अलर्ट, देशभर में अगले 3-4 दिन तक खराब रहेगा मौसम 

08 अप्रैल 2026, नई दिल्ली: Weather Update: MP-UP, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश-ओले का अलर्ट, देशभर में अगले 3-4 दिन तक खराब रहेगा मौसम – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 8 अप्रैल को देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी है। खासतौर पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। IMD ने अगले 3-4 दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा में सबसे ज्यादा 12 से 20 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि हिमाचल प्रदेश, असम-मेघालय, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा हुई। कई राज्यों में ओलावृष्टि और 30 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।  

मौसम प्रणालियां: क्यों बदला मौसम?

IMD के मुताबिक, इस बदले मौसम के पीछे कई सक्रिय सिस्टम काम कर रहे हैं। उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी हो रही है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के ऊपर अलग-अलग स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक एक ट्रफ लाइन (पूर्व-पश्चिम द्रोणिका) भी सक्रिय है, जिससे देश के बड़े हिस्से में अस्थिर मौसम बना हुआ है।

चेतावनी: किन राज्यों में अलर्ट?

IMD ने 8 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में तेज हवाएं (50-60 किमी/घंटा तक) चलेंगी और  पश्चिम बंगाल और बिहार में आंधी के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 5 दिन तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

देशभर के राज्यों का मौसम पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की जा सकती है।

पूर्वी भारत में असर

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य भारत का मौसम

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 8 और 9 अप्रैल को बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। तेज हवाओं के साथ मौसम ठंडा बना रहेगा, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

पश्चिमी भारत की स्थिति

गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तमिलनाडु और तेलंगाना में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अगले 5 दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दिल्ली का मौसम (8-11 अप्रैल)

दिल्ली-NCR में 8 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे और दोपहर-शाम के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

8 अप्रैल: हल्की बारिश, तेज हवाएं, तापमान 27-29°C
9 अप्रैल: मौसम साफ, तापमान 30-32°C
10 अप्रैल: तेज हवाएं, तापमान 32-34°C
11 अप्रैल: सामान्य मौसम, तापमान 34-36°C

IMD के अनुसार, फिलहाल तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा, लेकिन 3-4 दिनों बाद इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements