2030 तक भारत बन सकता है दलहन में आत्मनिर्भर? राज्यसभा में कृषि मंत्री ने बताया पूरा रोड मैप
07 दिसंबर 2025, नई दिल्ली: 2030 तक भारत बन सकता है दलहन में आत्मनिर्भर? राज्यसभा में कृषि मंत्री ने बताया पूरा रोड मैप – केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2025 में ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ शुरू किया है, जिसका लक्ष्य 2030 तक भारत को तुअर, उड़द और मसूर जैसी प्रमुख दलहन फसलों में आत्मनिर्भर बनाना है। इस मिशन के तहत कुल 11,440 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय किया जाएगा और छह वर्षों में घरेलू दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को नए बीज, उन्नत खेती तकनीक और फसलोपरांत भंडारण प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्र का लक्ष्य और रणनीति
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने राज्यसभा में इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मिशन के अंतर्गत कम उपयोग वाले और प्रतिस्पर्धी फसल क्षेत्रों में क्षैतिज और ऊर्ध्वाधर विस्तार के माध्यम से भूमि उपयोग और उत्पादकता बढ़ाई जाएगी। इस योजना से कुल दलहन उत्पादन को वर्ष 2030-31 तक 350 लाख टन तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों के लिए समर्थन और सुनिश्चित खरीद
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत, तुअर, उड़द और मसूर की सुनिश्चित खरीद अगले चार वर्षों तक नेफेड और एनसीसीएफ द्वारा की जाएगी। इससे किसानों को उत्पादन के बाद उचित मूल्य मिलने की गारंटी मिलेगी और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
तकनीकी सुधार और प्रशिक्षण
इस मिशन के अंतर्गत कृषि विस्तार उप-मिशन (एसएमएई) के माध्यम से जिला स्तर पर किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी प्रबंधन और नए खेती के उपाय उपलब्ध कराए जाएंगे। मिशन का उद्देश्य किसानों को जलवायु-अनुकूल बीज, उन्नत खेती तकनीक और फसल प्रबंधन में सक्षम बनाना है, ताकि उत्पादकता और स्थायी फसल चक्र बढ़ सके।
लक्ष्य और अपेक्षित परिणाम
मंत्री ने कहा कि इस पहल से भूमि उत्पादकता बढ़ाने, मिट्टी की सेहत सुधारने और किसानों की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की उम्मीद है। दलहन उत्पादन में वृद्धि से भारत का आयात कम होगा और देश की खाद्य सुरक्षा भी मजबूत होगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


