किसानों की सफलता की कहानी (Farmer Success Story)

सारंगी में सेब की सफल फसल

30 अप्रैल 2022, इंदौर ।  सारंगी में सेब की  सफल फसल  – झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील के ग्राम सारंगी के उन्नत किसान श्री बालाराम पाटीदार ने गर्म इलाके में सेब की फसल उगाकर मानो चमत्कार कर दिया है। यह तीसरा साल है, जब उनके यहां सेब की फसल में फूल आए हैं। गत वर्ष भी सेब के पेड़ पर फूल के साथ फल भी आए थे। कहा जा सकता है कि सेब की फसल का उनका यह प्रयोग सफल रहा है। इसे वे जैविक खेती का कमाल बताते हैं। श्री पाटीदार द्वारा आम, मौसम्बी, जाम जैसे फलों के अलावा सब्जियों की भी खेती की जाती है।

श्री बालाराम पाटीदार ने कृषक जगत को बताया कि तीन साल पहले हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के पास घुमारवी गांव से सेब किस्म हरिमन-99 के 150 पौधे लाकर लगाए थे। जिसमें से 140 पौधे जीवित हैं। यह किस्म 48 डिग्री तापमान को भी सहन कर जाती है। इन पौधों को जैविक तरीके से तैयार किया गया है। शुरू में कुछ परेशानियां भी आई। गर्मी से बचाने के लिए इन्हें ऐसी जगह लगाया जहाँ हरियाली थी।  सेब के पौधों से 10 फीट की दूरी पर लगे नीम के पेड़ों और गन्ने की फसल से टकराकर गर्म हवा ठंडी हो जाती है और तापमान कम हो जाता है, जो 42-44 डिग्री से ज़्यादा नहीं जाता है। इसके अलावा इनके आसपास कई फलदार वृक्ष भी लगे हुए हैं। इसी कारण फूल खिरते नहीं है। यहाँ यह उल्लेख प्रासंगिक है कि धार जिले दसाई और राजोद में भी कुछ किसानों ने सेब लगाए थे, लेकिन वहां फूल आने के बाद झड़ गए थे। इस मामले में श्री पाटीदार ऐसे अकेले किसान हैं, जिन्हें सेब की खेती में सफलता मिली है। इनके सेब स्वाद में शिमला के सेब की भांति ही है।

Advertisement
Advertisement

श्री पाटीदार ने कहा कि मेरे यहाँ सेब लगने की सफलता का श्रेय जैविक खेती को जाता है।  सेब की फसल के लिए मौसम गर्म नहीं होना चाहिए। जैविक खाद से पौधों में गर्मी पैदा नहीं होती है, इसीलिए फूल नहीं खिरते हैं,जबकि रसायनिक खेती में फूल खिर जाते हैं। इस साल अभी फूल आना शुरू हो गए हैं। जून-जुलाई में फल आ जाएंगे। इन्हें विश्वास है कि तीन साल के बाद सेब का प्रत्येक पेड़ सौ किलो फल देगा। एक साल बाद इनके जो परिणाम आएँगे, उससे सेब फसल के विस्तार की रुपरेखा तय होगी। इनके खेत में आम की विभिन्न किस्मों के अलावा वीएनआर अमरुद के 3 हजार पौधे भी लगे हुए हैं। मौसम्बी बारह मास फल देती है। पपीता, गन्ना, केला,अंगूर की फसल भी ले चुके हैं। टमाटर, शिमला मिर्च, लीची, ड्रैगन फ्रूट  भी लगा चुके हैं। संपर्क- 9977096087

Advertisements
Advertisement5
Advertisement