आगर-मालवा के युवक ने नौकरी छोड़ खेती अपनाई! 2 बीघा में तरबूज उगाकर की 8 लाख की तगड़ी कमाई; अन्य किसानों के लिए बने मिसाल
24 मार्च 2026, आगर-मालवा: आगर-मालवा के युवक ने नौकरी छोड़ खेती अपनाई! 2 बीघा में तरबूज उगाकर की 8 लाख की तगड़ी कमाई; अन्य किसानों के लिए बने मिसाल – मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के ग्राम महुडिया आगर के शिक्षित युवा किसान राकेश यादव ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है। उद्यानिकी विभाग आगर मालवा के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी 2 बीघा भूमि पर पीले एवं लाल तरबूज की उन्नत खेती कर सफलता की नई कहानी लिखी है।
राकेश यादव द्वारा मल्चिंग तकनीक, क्रॉप कवर, ड्रिप इरिगेशन प्रणाली तथा कीट नियंत्रण हेतु ट्रैप जैसी आधुनिक विधियों का उपयोग किया गया। इन वैज्ञानिक तरीकों से फसल की गुणवत्ता बेहतर हुई, पानी की बचत हुई तथा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
2 बीघा में 400 क्विंटल उत्पादन
वर्तमान में उनके खेतों में तरबूज की तुड़ाई शुरू हो चुकी है। अनुमानित रूप से 2 बीघा भूमि से लगभग 400 क्विंटल उत्पादन प्राप्त होने की संभावना है, जिससे करीब 8 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। राकेश यादव अपनी उपज को इंदौर एवं भोपाल के बड़े बाजारों तक पहुंचाकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर रहे हैं।
राकेश यादव का कहना है कि उन्नत तकनीकों और उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं। इससे पहले भी उन्होंने करेले की खेती से अच्छा लाभ अर्जित किया था। अब वे उद्यानिकी विभाग की अनुदान योजना का लाभ लेकर पीली एग्जॉटिक जुकिनी की खेती प्रारंभ करने की तैयारी कर रहे हैं।
यह सफलता कहानी क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। उद्यानिकी विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी कृषि भूमि के एक हिस्से में आधुनिक तकनीकों के साथ उद्यानिकी फसलों का उत्पादन करें और खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

