राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा: कृषक संगोष्ठी में दी विभागीय योजनाओं की जानकारी

15 फरवरी 2026, विदिशाविदिशा: कृषक संगोष्ठी में दी विभागीय योजनाओं की जानकारी – कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में विदिशा जिले के विकासखंड विदिशा अंतर्गत श्री रामलीला मेला ग्राउंड में कृषि रथ का सफल संचालन किया गया। इस अवसर पर कृषि रथ के साथ कृषक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कृषक संगोष्ठी में पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, पंजाब नेशनल बैंक, कृषि उपज मंडी, आत्मा परियोजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों के अधिकारियों ने क्रमवार अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों को दी तथा योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। पात्र कृषकों से योजनाओं के अंतर्गत आवेदन करने का आग्रह भी किया गया।

संगोष्ठी के दौरान फसल विविधीकरण, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, टोकन प्रणाली, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा उनके निवारण के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर देते हुए इसमें उपयोग होने वाले जैविक उत्पादों को तैयार करने की विधि एवं उपयोग की प्रक्रिया भी बताई गई। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक कृषि श्री के.एस. खपेड़िया द्वारा कृषकों को नरवाई प्रबंधन की शपथ दिलाई गई, जिससे मिट्टी की सेहत सुधारने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े। प्रश्नोत्तर सत्र में कृषकों ने अपनी जिज्ञासाएँ रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।

कृषि रथ एवं संगोष्ठी के माध्यम से कृषकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समग्र जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा विभिन्न कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया तथा उनके उपयोग एवं लाभ बताए गए। कार्यक्रम में  सहायक संचालक श्री महेन्द्र ठाकुर, मंडी सचिव श्री नीलकमल  वैद्य , उद्यानिकी विभाग के श्री सोलंकी , डीएमओ राखी रघुवंशी, एसएडीओ श्री विशाल यादव सहित कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements