फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करें – कलेक्टर देवास
31 जुलाई 2026, देवास: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करें – कलेक्टर देवास – कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्य की तहसीलवार समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान बागली, कन्नौद और खातेगांव क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बेहद कम पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम बागली, कन्नौद और खातेगांव को निर्देश दिए कि कार्य नहीं करने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करें। पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिले में ‘कृत्रिम गर्भाधान’ कार्य की बेहद सुस्त रफ्तार पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिला पशुपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में प्रगति सबसे खराब पाई गई है, उन सभी संबंधितों का दो दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पात्र किसानों को इस योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए ‘नल-जल योजनाओं’ के संचालन, संधारण की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 और अमृत 2.0 के क्रियान्वयन की भी विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन’ को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, एसीईओ जिला पंचायत श्री एस एस सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

