धान छोड़ ग्राफ्टेड टमाटर की आधुनिक खेती अपनाई, बदल गई किस्मत; 0.40 हेक्टेयर में कमाए ₹1.37 लाख
10 अगस्त 2026, रायपुर: धान छोड़ ग्राफ्टेड टमाटर की आधुनिक खेती अपनाई, बदल गई किस्मत; 0.40 हेक्टेयर में कमाए ₹1.37 लाख – छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम गोंडपाली की महिला कृषक श्रीमती भारती बंसल ने परंपरागत धान की खेती से आगे बढ़ते हुए ग्राफ्टेड टमाटर की आधुनिक खेती को अपनाकर अपनी कृषि आय में इजाफा किया है। स्नातक शिक्षित भारती बंसल वर्ष 2025-26 से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के घटक ग्राफ्टेड बैंगन-टमाटर सीडलिंग प्रदर्शन के तहत नवीन तकनीक से टमाटर की खेती कर रही हैं। आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से उन्हें बेहतर उत्पादन के साथ अच्छी आमदनी प्राप्त हुई है।
धान की जगह अपनाई ग्राफ्टेड टमाटर की खेती
श्रीमती भारती बंसल के पास कुल 0.40 हेक्टेयर सिंचित भूमि है। पहले वह परंपरागत तरीके से धान की खेती करती थीं। उनके अनुसार धान की खेती में उत्पादन अपेक्षाकृत कम होने के साथ लागत भी अधिक आती थी। कृषि में नई संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने धान के स्थान पर ग्राफ्टेड टमाटर की खेती करने का निर्णय लिया।
सरकार से मिला ₹30 हजार का अनुदान
उद्यानिकी विभाग महासमुंद के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वर्ष 2025-26 के तहत भारती बंसल को ग्राफ्टेड टमाटर की खेती के लिए ₹30 हजार का अनुदान डीबीटी के माध्यम से प्रदान किया गया। इसके बाद उन्होंने टमाटर उत्पादन में ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग सहित आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया। इन तकनीकों से सिंचाई और फसल प्रबंधन अधिक प्रभावी हुआ, जिससे फसल की उत्पादकता और आय दोनों में सुधार आया।
106 क्विंटल उत्पादन, ₹1.37 लाख का लाभ
आधुनिक तकनीक से ग्राफ्टेड टमाटर की खेती करने के बाद भारती बंसल को लगभग 106 क्विंटल टमाटर का उत्पादन प्राप्त हुआ। टमाटर का विक्रय मूल्य करीब ₹20 प्रति किलोग्राम रहा। फसल उत्पादन में उनकी कुल लागत लगभग ₹75 हजार आई। टमाटर की बिक्री के बाद सभी खर्चों को घटाने पर उन्हें करीब ₹1.37 लाख का कुल लाभ प्राप्त हुआ।
श्रीमती भारती बंसल का कहना है कि ग्राफ्टेड टमाटर की आधुनिक खेती और इससे प्राप्त आमदनी से वह संतुष्ट हैं। उनका अनुभव बताता है कि पारंपरिक फसलों के साथ किसान आधुनिक उद्यानिकी फसलों और तकनीकों को अपनाकर अपनी कृषि आय बढ़ा सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

