निवाड़ी जिले के सौरभ यादव बने युवा कृषि उद्यमी
20 मार्च 2026, निवाड़ी: निवाड़ी जिले के सौरभ यादव बने युवा कृषि उद्यमी – मध्य प्रदेश शासन की योजनाओं ने न केवल खेती को लाभ का धंधा बनाया है, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार भी खोले हैं। निवाड़ी जिले के ग्राम बाघाट के प्रगतिशील कृषक श्री सौरभ यादव की कहानी जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। सौरभ ने कस्टम हायरिंग केंद्र योजना के माध्यम से न केवल अपनी खेती को आधुनिक बनाया, बल्कि स्वयं का एक सफल व्यवसाय भी स्थापित किया है।
प्रशिक्षण से उद्यम तक का सफर – सौरभ यादव बताते हैं कि परंपरागत खेती में समय और श्रम अधिक लगता था, जबकि मुनाफा सीमित था। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में उन्हें ‘निजी कस्टम हायरिंग केंद्र योजना’ के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण ने उन्हें कृषि यंत्रों के व्यावसायिक उपयोग और प्रबंधन की बारीकियां सिखाईं। योजना का लाभ और वित्तीय सहायता प्रशिक्षण के उपरांत सौरभ ने ट्रैक्टर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों के साथ अपना केंद्र स्थापित किया। इस परियोजना की कुल लागत 15.23 लाख रुपये रही। सरकार की ओर से उन्हें संबल प्रदान करते हुए 6.00 लाख रुपये का अनुदान (Subsidy) प्रदान किया गया। बैंक ऋण पर एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) के तहत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी मिल रहा है। कृषक श्री सौरभ यादव बताते हैं कि “इस योजना ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है। अब मुझे खेती के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, बल्कि मैं दूसरों की मदद कर पा रहा हूँ।
आय का बना अतिरिक्त जरिया -आज सौरभ अपने गांव बाघाट और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को किराये पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा रहे हैं। इससे उन्हें खेती के साथ-साथ एक निश्चित मासिक आय प्राप्त हो रही है। आधुनिक मशीनों के उपयोग से क्षेत्र के अन्य किसानों की भी लागत कम हुई है और समय की बचत हो रही है। निवाड़ी जिले में सौरभ यादव की यह सफलता दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का सहयोग मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित स्टार्टअप की अपार संभावनाएं हैं। यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

