राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान में कृषि योजनाओं की समीक्षा, योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने पर ज़ोर

27 फरवरी 2026, जयपुर: राजस्थान में कृषि योजनाओं की समीक्षा, योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने पर ज़ोर – राजस्थान में किसानों के हित में संचालित कृषि योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति, प्रगति एवं जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं की समीक्षा को लेकर राज्य की कृषि योजनाओं के क्रम में गठित कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को पंत कृषि भवन में आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के लाभ को अंतिम छोर पर बैठे किसान तक समय पर पहुंचाने तथा उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख शासन सचिव, कृषि एवं उद्यानिकी, श्रीमती मंजू राजपाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी ढंग से हो तथा किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

संयुक्त शासन सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान में बागवानी फसलों फल, फूल एवं सब्जियों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने इन फसलों के चयन के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने पर ज़ोर दिया, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

उन्होंने जल संरक्षण के अंतर्गत सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों को अधिक से अधिक बढ़ावा देने तथा प्रदेश में ईसबगोल, जीरा, सौंफ जैसी फसलों की उन्नत एवं नई किस्मों को व्यापक रूप से प्रमोट करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में राज्य सरकार की प्रमुख कृषि योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। योजनाओं के अंतर्गत किसानों को मिल रहे लाभ, फसल उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, उन्नत बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य सुधार तथा किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े विषयों पर गहन मंथन हुआ। साथ ही बागवानी, पशुपालन, जैविक खेती एवं सहायक कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।

कमेटी ने निर्णय लिया कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा जिला स्तर पर समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी। अधिकारियों को किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुक्त कृषि सुश्री चिन्मयी गोपाल, आयुक्त उद्यानिकी शुभम चौधरी, निदेशक कृषि विपणन विभाग राजेश कुमार चौहान सहित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) अविकानगर, बीकानेर एवं भरतपुर के निदेशक, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, कृषि विपणन विभाग तथा राजस्थान राज्य बीज निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements