राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों को राहत! मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी 10 अगस्त तक जारी रहेगी

11 जुलाई 2026, भोपाल: किसानों को राहत! मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी 10 अगस्त तक जारी रहेगी – मध्यप्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपार्जन कार्य 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने बताया कि किसानों से उपज की खरीदी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना और उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु बनाना है।

ऑनलाइन पंजीकृत किसानों से होगी खरीदी

विभाग के अनुसार, समर्थन मूल्य पर केवल ऑनलाइन पंजीकृत वास्तविक किसानों से ही उनके सत्यापित रकबे के आधार पर मूंग और उड़द की खरीदी की जाएगी। इसलिए जिन किसानों ने पंजीयन कराया है, वे निर्धारित उपार्जन केंद्र पर अपनी उपज बेच सकते हैं।

राज्य शासन ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तथा उड़द का MSP 7,800 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उपज निर्धारित केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा ने उपार्जन कार्य के लिए समितियों और गोदामों का निर्धारण किया है। प्रथम चरण में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सुठालिया के अंतर्गत एम.पी. डब्ल्यू.एल.सी. के स्ववित्तपोषित गोदाम क्रमांक-03, मंडी परिसर ब्यावरा को उपार्जन केंद्र एवं गोदाम के रूप में अधिसूचित किया गया है।

किसानों को नहीं होगी किसी प्रकार की परेशानी

कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन कार्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें, ताकि पंजीकृत किसान आसानी से अपनी उपज का विक्रय कर सकें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture