राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: किसानों को घर बैठे मिलेगी खाद, कृषि आयुक्त ने किया एफएफएस ऐप का शुभारंभ

01 सितंबर 2026, जयपुर: राजस्थान: किसानों को घर बैठे मिलेगी खाद, कृषि आयुक्त ने किया एफएफएस ऐप का शुभारंभराजस्थान के हनुमानगढ़ जिला कृषि विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को ब्लॉक रावतसर स्थित एमआरबी सभागार में राष्ट्रीय उर्वरक तंत्र के अंतर्गत फर्टिलाइजर सेल्स एप्लीकेशन (FFS App) का शुभारंभ किया गया। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने ऐप का शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी, सरल एवं तकनीक आधारित व्यवस्था के माध्यम से अनुदानित उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए एफएफएस ऐप लागू कर रही है।

कृषि आयुक्त ने बताया कि अब किसान घर बैठे जीएफआर (GFR) की अनुशंसा के आधार पर उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद किसान को क्यूआर कोड अथवा ई-टोकन प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से वह 48 घंटे के भीतर अपने निकटतम कृषि आदान विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेगा। नई व्यवस्था से उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आने के साथ किसानों के लिए खाद प्राप्त करना भी आसान होगा।

खरीफ फसलों पर प्रीमियम दर में कम

कृषि आयुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ फसलों के लिए किसानों की प्रीमियम दर 2 प्रतिशत से घटाकर 0.3 प्रतिशत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रीमियम दर में कमी से अधिकाधिक किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करा रही है। इसका उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करना है।

कृषि योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक श्रीमती यशवंती ने जिले की कृषि परिस्थितियों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और किसानों से अधिकाधिक योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. रमेश बराला ने किसानों को बागवानी फसलों को अपनाने पर जोर दिया। उपनिदेशक (आत्मा) श्री सुभाष चंद्र डूडी ने आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सहायक निदेशक कृषि, नोहर श्री रामप्रताप गोदारा ने रावतसर में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय एवं मृदा जांच प्रयोगशाला स्थापित करने तथा कार्यालय के नवीनीकरण की मांग रखी। इस पर कृषि आयुक्त ने शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में श्री प्रताप सिंह सूडा एवं श्री हंसराज गोदारा ने उर्वरक वितरण प्रणाली से जुड़े सुझाव रखे और नई व्यवस्था के लिए कृषि आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक श्री केशव कालीराणा, सहायक निदेशक डॉ. संजीव भादू, कृषि अनुसंधान अधिकारी श्री राजेंद्र बेनीवाल, कृषि अधिकारी श्री विजयपाल, श्री नरेश कुमार, सहायक कृषि अधिकारी श्री कृष्ण चंद्र कड़वासरा सहित किसान एवं कृषि आदान विक्रेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक कृषि अधिकारी श्री रामकुमार स्वामी ने किया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture