Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: खेत बचाओ अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचेंगे कृषि वैज्ञानिक, किसानों से होगा सीधा संवाद

06 जून 2026, जयपुर: राजस्थान: खेत बचाओ अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचेंगे कृषि वैज्ञानिक, किसानों से होगा सीधा संवाद – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्रों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के संस्थानों द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम स्तर पर कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। एक जून से शुरू हुआ यह अभियान 30 जून तक जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से किसानों को मिट्टी की उर्वरता संरक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, जल संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही कृषि वैज्ञानिक गांव-गांव पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे।

मिट्टी की सेहत और संतुलित पोषण प्रबंधन पर रहेगा फोकस

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) मदनलाल ने बताया कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए खेत की मिट्टी को स्वस्थ बनाए रखना और संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग से न केवल उत्पादन में वृद्धि होती है, बल्कि कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में भी सुधार आता है। अभियान के तहत किसानों को मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने और रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी।

जैविक और प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा

अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों की रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और उन्हें खेत पर उपलब्ध संसाधनों से तैयार जैविक आदानों एवं प्राकृतिक खेती की विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कृषि विभाग किसानों को पारंपरिक और आधुनिक कृषि तकनीकों के समन्वित उपयोग के बारे में भी जानकारी देगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित सहायक कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

जल संरक्षण, फसल चक्र और कृषि योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली कृषक गोष्ठियों में खेत बचाओ अभियान के उद्देश्य और महत्व पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा किसानों को मिट्टी परीक्षण और उसकी अनुशंसाओं के अनुसार उर्वरकों के उपयोग, जल संरक्षण एवं जल के कुशल प्रबंधन, समन्वित फसल सुरक्षा उपायों, उपयुक्त फसल चक्र, कृषि मशीनरी के सही उपयोग तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

कृषि विभाग, केवीके और आईसीएआर संस्थान निभा रहे सक्रिय भूमिका

खेत बचाओ अभियान के सफल क्रियान्वयन में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र बीकानेर एवं लूणकरनसर तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अभियान के दौरान कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप समाधान सुझाएंगे। विभाग का मानना है कि ‘स्वस्थ मिट्टी, संरक्षित पानी और जागरूक किसान’ ही समृद्ध और टिकाऊ खेती की पहचान है।

अभियान के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि लागत कम करते हुए उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur