रायपुर: जल संरक्षण और मिट्टी कटाव रोकने की पहल, रायगढ़ में 16,873 कंटूर ट्रेंच निर्माण को मिली मंजूरी
03 सितंबर 2026, रायपुर: रायपुर: जल संरक्षण और मिट्टी कटाव रोकने की पहल, रायगढ़ में 16,873 कंटूर ट्रेंच निर्माण को मिली मंजूरी – वर्षा जल के बेहतर प्रबंधन, मिट्टी के कटाव को रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रायगढ़ जिले में स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच एवं कंटूर ट्रेंच निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ढलान वाले क्षेत्रों में बनाई जाने वाली ये संरचनाएं बारिश के पानी के तेज बहाव को नियंत्रित करने के साथ उसे धीरे-धीरे जमीन में समाहित करने में मदद करेंगी। इससे खेतों में नमी बनाए रखने और भूमि की उत्पादकता को संरक्षित करने में भी मदद मिलेगी।
जिले में कुल 16,873 ट्रेंच निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनका निर्माण करीब 38.27 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। कार्यों के लिए 52.55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत रायगढ़, खरसिया और तमनार विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 28 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें रायगढ़ विकासखंड में 6, खरसिया में 16 और तमनार विकासखंड में 6 कार्य शामिल हैं।
बारिश के पानी का बहाव होगा नियंत्रित
स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच और कंटूर ट्रेंच का निर्माण विशेष रूप से ढलान वाले क्षेत्रों में वर्षा जल के बहाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से किया जाता है। इन संरचनाओं से पानी को एकदम तेजी से बहने से रोका जाता है और उसे धीरे-धीरे जमीन में समाहित होने का अवसर मिलता है। इससे भू-क्षरण कम करने, मिट्टी की नमी बनाए रखने और भूमि की उत्पादक क्षमता को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ रोजगार
इन कार्यों को ग्रामीण समुदाय की भागीदारी और श्रम आधारित गतिविधियों के माध्यम से क्रियान्वित किया जा रहा है। इससे जल, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। ढलानों पर बनाई जा रही ये छोटी-छोटी जल संरक्षण संरचनाएं आने वाले समय में खेतों और गांवों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। जल और मिट्टी के संरक्षण के साथ जिले में प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

