रायपुर : धमतरी देश का पहला जिला बना, जहां PACS समितियों के माध्यम से किसानों को मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर की सुविधा
03 जून 2026, रायपुर: रायपुर : धमतरी देश का पहला जिला बना, जहां PACS समितियों के माध्यम से किसानों को मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर की सुविधा – कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ने की दिशा में धमतरी जिले ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) में ड्रोन स्प्रेयर सुविधा शुरू की गई है। इसके साथ ही धमतरी देश का पहला जिला बन गया है, जहां सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति लोहरसी में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस पहल का शुभारंभ किया। इस दौरान सभी 10 समितियों के प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन स्प्रेयर का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में उर्वरक और कीटनाशकों के सटीक छिड़काव, समय की बचत, लागत में कमी और बेहतर कृषि प्रबंधन में ड्रोन तकनीक की उपयोगिता को प्रदर्शित किया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने का यह एक अभिनव प्रयास है। ड्रोन तकनीक कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता रखती है। इससे किसानों को कम लागत में अधिक दक्षता के साथ कृषि कार्य करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती से जोड़कर उनकी उत्पादकता और आय बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
किसानों को एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सेवाएं
इस पहल के तहत CSC e-Governance के सहयोग से PACS समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में भी सशक्त किया जा रहा है। इससे किसानों को ड्रोन स्प्रेयर जैसी आधुनिक कृषि सेवाओं के साथ विभिन्न डिजिटल और शासकीय सेवाओं का लाभ भी एक ही स्थान पर मिल सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और सहकारी समितियां बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित होंगी।
इन समितियों में शुरू हुई सुविधा
जिले में बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंदेल, गड़ाडीह, जुगदेही और करेली समितियों को ड्रोन स्प्रेयर सुविधा से जोड़ा गया है। इन समितियों के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को आवश्यकता के अनुसार ड्रोन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ड्रोन तकनीक के उपयोग से कम समय में बड़े क्षेत्र में छिड़काव किया जा सकेगा। इससे रसायनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित होगा, किसानों की श्रम लागत कम होगी और फसलों को नुकसान की आशंका भी घटेगी। साथ ही यह पहल कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य संत कुमारी किरण साहू, उप संचालक कृषि, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, समिति के प्राधिकृत अधिकारी, समिति प्रबंधक, CSC डीएम विनय गिरि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

