राज्य कृषि समाचार (State News)

रायपुर: खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, दो दुकानों पर छापा; 38 टन से अधिक उर्वरक जब्त

18 जून 2026, रायपुर: रायपुर: खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, दो दुकानों पर छापा; 38 टन से अधिक उर्वरक जब्त – खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ कृषि विभाग द्वारा लगातार सघन निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर मुंगेली के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि के नेतृत्व में गठित विशेष जिला निरीक्षण दल ने आज लोरमी एवं पथरिया विकासखंड के दो  कृषि केंद्रों पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया।

जिला निरीक्षण दल ने लोरमी विकासखंड के बिजराकापाकला स्थित किशन खाद भंडार तथा पथरिया विकासखंड के बेलखुरी में संदीप ट्रेडर्स में डमी कृषक भेजकर उर्वरक क्रय कराया और विक्रय प्रक्रिया की जांच की। जांच के दौरान दोनों कृषि केंद्रों में उर्वरक विक्रय संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण में किशन खाद भंडार, बिजराकापाकला में एनपीके उर्वरक निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बेचने तथा यूरिया के साथ अन्य सामग्री (जिंक सल्फेट) अनिवार्य रूप से दिए जाने की शिकायत सही पाई गई। वहीं संदीप ट्रेडर्स, बेलखुरी में यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेचने, भौतिक स्टॉक एवं पीओएस मशीन के स्टॉक में भारी अंतर तथा एनपीके उर्वरक का स्रोत प्रमाण पत्र के बिना विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इस पर दोनों कृषि केंद्रों में उपलब्ध उर्वरकों तथा आवश्यक अभिलेखों को जब्त कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 15.48 टन यूरिया, 22.80 टन एसएसपी, एनपीके तथा एमओपी सहित संबंधित दस्तावेज एवं पीओएस मशीन जब्त की गई। इस दौरान जिला उर्वरक निरीक्षक मनहरण कुर्रे, निरीक्षक संजय सोनवानी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements