राज्य कृषि समाचार (State News)

राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026: बुधनी में 22-24 मार्च तक लगेगा कृषि प्रदर्शनी मेला, 10 हजार किसान होंगे शामिल  

14 मार्च 2026, भोपाल: राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026: बुधनी में 22-24 मार्च तक लगेगा कृषि प्रदर्शनी मेला, 10 हजार किसान होंगे शामिल – कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (CFMTTI), ट्रैक्टर नगर, बुधनी (मध्य प्रदेश) में 22 से 24 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के करकमलों द्वारा 22 मार्च 2026 को किया जाएगा। कृषि यंत्रीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों तथा उन्नत खेती प्रणालियों के प्रसार के उद्देश्य से इस एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (CFMTTI), बुधनी के नेतृत्व में भारतीय मीडिया एंड इवेंट्स प्रा. लि. के सहयोग से किया जा रहा है।

इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में देश-विदेश की प्रमुख ट्रैक्टर निर्माण कंपनियां, कृषि यंत्र निर्माता, स्टार्टअप्स, सरकारी संस्थान, कृषि वैज्ञानिक तथा कृषि उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि मशीनरी, ड्रोन तकनीक, माइक्रो-इरिगेशन, उन्नत बीज, ग्रीन हाउस तकनीक, जैविक खेती से संबंधित उपकरणों तथा अन्य आधुनिक कृषि समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।

200 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल

इस एक्सपो में लगभग 200 से अधिक प्रदर्शकों के भाग लेने की संभावना है। इनमें लगभग 20 प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनियां, 25 कृषि मशीनरी निर्माता कंपनियां, विभिन्न राज्य सरकारों के विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्टार्टअप्स तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से 10,000 से अधिक किसानों के शामिल होने की संभावना है, जिससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि यंत्रीकरण की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।

आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों का प्रदर्शन

एक्सपो के दौरान आधुनिक कृषि यंत्रों का लाइव प्रदर्शन, कृषि ड्रोन का प्रदर्शन, तकनीकी सत्र, विचार-विमर्श बैठक तथा किसानों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 15 से 20 संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) भी किए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास पर जोर

इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिसमें संस्थान में प्रशिक्षित महिला उद्यमियों को अपनी सफलता की कहानियां साझा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संस्थान की रिवैंपिंग योजना (Phase-II) की शुरुआत, नई अवसंरचनाओं का उद्घाटन तथा एकीकृत कृषि प्रणाली (Integrated Farming System) परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा है कि ऐसे आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक खेती पद्धतियों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं और देश में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. बी. एम. नांदेडे, निदेशक, केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (CFMTTI), बुधनी ने सभी कृषि यंत्र उद्योगों, कृषि से संबंधित संस्थाओं तथा विशेष रूप से देशभर के किसान भाइयों और बहनों से इस एक्सपो में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि, “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026” किसानों, उद्योगों और अनुसंधान संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा नई तकनीकों को खेत तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। साथ ही यह आयोजन कृषि क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और ग्रामीण रोजगार सृजन को भी नई दिशा प्रदान करेगा। इस प्रदर्शन के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठाएं और इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं।  सहभाग दर्ज कराने के लिए भारती मीडिया एंड इवेंट्स प्रा. लि. से +91 92122 71729, +91 9873609092 इन नंबरों पर संपर्क करने का आह्वान किया गया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements