राज्य कृषि समाचार (State News)

दूध का भुगतान अटका, हिमाचल के 26 हजार डेयरी किसानों में नाराजगी

01 सितंबर 2026, भोपाल: दूध का भुगतान अटका, हिमाचल के 26 हजार डेयरी किसानों में नाराजगी – हिमाचल प्रदेश में सहकारी दूध समितियों के माध्यम से दूध बेचने वाले किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ रही है। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के समीप स्थित दत्तनगर मिल्क प्लांट से जुड़े करीब 26 हजार डेयरी किसान बकाया भुगतान को लेकर परेशान हैं। वहीं सिरमौर जिले में भी किसानों ने समय पर दूध का भुगतान नहीं होने की शिकायत उठाई है।

सिरमौर के नाहन में हिमाचल किसान सभा के नेतृत्व में सैकड़ों डेयरी किसानों की बैठक हुई। इसमें दूध के भुगतान में देरी सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। किसान सभा ने सहकारी दूध संघ और संबंधित अधिकारियों से हर महीने दूध की राशि समय पर जारी करने की मांग की।

समय पर भुगतान नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी

किसान सभा का कहना है कि डेयरी किसानों की आय का बड़ा हिस्सा दूध की बिक्री पर निर्भर करता है। ऐसे में भुगतान में देरी होने से किसानों को पशुओं के चारे, दवाइयों और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने में आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव और पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों को नियमित रूप से समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो किसानों को बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

दूध की गुणवत्ता जांच के लिए आधुनिक उपकरण लगाने की मांग

किसान सभा ने दत्तनगर सहित मिल्क प्लांटों में दूध की गुणवत्ता जांच के लिए आधुनिक उपकरण स्थापित करने की मांग भी उठाई है। संगठन का कहना है कि अत्याधुनिक जांच व्यवस्था से दूध की गुणवत्ता का पारदर्शी और सटीक आकलन हो सकेगा तथा किसानों को उनकी उपज का उचित भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

किसानों ने सरकार और सहकारी दूध संघ से नियमित भुगतान, पारदर्शी गुणवत्ता जांच और दुग्ध खरीद व्यवस्था में सुधार की मांग की है। साथ ही चेताया है कि भुगतान व्यवस्था जल्द पटरी पर नहीं आई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture