मध्यप्रदेश: विदिशा में गेहूं भुगतान की शुरुआत, किसानों के खातों में पहुंचे 5.87 लाख रुपये
13 अप्रैल 2026, विदिशा: मध्यप्रदेश: विदिशा में गेहूं भुगतान की शुरुआत, किसानों के खातों में पहुंचे 5.87 लाख रुपये – मध्यप्रदेश में इस वर्ष गेहूं उपार्जन के तहत समर्थन मूल्य पर विक्रय करने वाले किसानों को भुगतान की प्रक्रिया की शुरुआत सबसे पहले विदिशा जिले से हुई है। प्रदेश स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर विदिशा ने एक बार फिर प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य सरकार की नीति के अनुसार समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करते हुए विदिशा जिले में सबसे पहले किसानों के बैंक खातों में राशि अंतरित की गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय ने जानकारी देते हुए बताया कि विदिशा के गेहूंखेड़ी स्थित स्टील साइलो में 9 अप्रैल को पहले दिन 6 किसानों द्वारा कुल 310.55 क्विंटल गेहूं का विक्रय किया गया था। इन सभी किसानों को कुल 5,87,644 रुपये की राशि का भुगतान दो दिवस में ही उनके बैंक खातों में सफलतापूर्वक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बना रहे। समय पर भुगतान से किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है।
जिले में गेहूं उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है और प्रशासन द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सके।
जिला आपूर्ति अधिकारी तंतुवाय ने बताया कि ग्राम जैतपुरा के तीन किसानो तीरथ सिंह रावत के द्वारा 62.51 क्विंटल की गेहूं का विक्रय किया गया था जिन्हें 161587 रुपए, श्री दिलीप सिंह ठाकुर के द्वारा 58.31 क्विंटल विक्रय पर 98730 रुपये, श्रीमती मीना बाई पति दिलीप सिंह के द्वारा 76 क्विंटल गेहूं का विक्रय किया गया है उन्हें 146459 रुपए का भुगतान किया गया है। इसी प्रकार ग्राम बेरखेड़ी की श्रीमती सरस्वती बाई के द्वारा 26.21 क्विंटल गेहूं का विक्रय समर्थन मूल्य पर किया गया है श्रीमती सरस्वती बाई पति मोहरसिंह को 67751 रुपए जबकि, ग्राम गाजी खेड़ी के किसान श्री कमर सिंह दांगी के द्वारा 35.81 क्विंटल गेहूं विक्रय पर 46283 रुपए और ग्राम धारूखेड़ी के किसान श्री प्रताप सिंह के द्वारा 51.71 क्विंटल गेहूं का विक्रय करने पर 66834 रुपए का भुगतान किया गया है। इस प्रकार विदिशा जिले के 6 किसानों के द्वारा 310.55 क्विंटल गेहूं विक्रय करने पर कुल राशि 587644 रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

