मध्यप्रदेश: छिंदवाड़ा में तीन दिवसीय मिलेट्स मेला संपन्न, 1800 किसानों ने लिया हिस्सा
03 मार्च 2026, छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश: छिंदवाड़ा में तीन दिवसीय मिलेट्स मेला संपन्न, 1800 किसानों ने लिया हिस्सा – मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाए जाने के क्रम में शासन की मंशा अनुसार एवं जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के निर्देशन में 26 से 28 फरवरी 2026 तक पोला ग्राउंड (दशहरा मैदान) छिंदवाड़ा में तीन दिवसीय जिला स्तरीय मिलेट्स मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य श्री अन्न (कोदो, कुटकी, सांवा, ज्वार, बाजरा एवं रागी) फसलों के व्यापक प्रचार-प्रसार, ब्रांड वैल्यू स्थापित करने, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देने तथा कृषकों, युवाओं, उद्यमियों, एफपीओ, स्व-सहायता समूहों एवं उपभोक्ताओं को एक मंच पर जोड़ना रहा।
प्रथम दिवस के मुख्य आकर्षण –
26 फरवरी 2026 को कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर हरेन्द्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, नगर निगम महापौर विक्रम अहके, शेषराव यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुनहार, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा सीजीएम नाबार्ड भोपाल श्रीमती सी.सरस्वती एवं उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा मिलेट रथ एवं ऑरेंज रथ को हरी झंडी दिखाकर शहरवासियों में जागरूकता के उद्देश्य से शहर में रवाना किया गया। यह रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को श्री अन्न के पोषण महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों के संबंध में जानकारी प्रदान करेगा। लगभग 60 स्टॉलों के माध्यम से जिले के एफपीओ, स्व-सहायता समूहों, एनजीओ एवं निजी संस्थाओं द्वारा मिलेट आधारित व्यंजनों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। नरसिंहपुर, डिंडोरी एवं मंडला जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।
मिलेट फूड फेस्टिवल में पातालकोट की रसोई, वनभोज की रसोई एवं अम्बेडकर स्व-सहायता समूह द्वारा मक्के की रोटी, टमाटर की चटनी, बैंगन भर्ता, कुटकी चावल, मिलेट डोसा/चीला, रागी सूप, मक्के की भेल, कुटकी खीर, महुआ पूड़ी, महेरी, लड्डू, लिट्टी-चोखा सहित पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए, जिन्हें शहरवासियों ने खूब सराहा। जिले में उत्पादित चिरौंजी बर्फी, स्ट्रॉबेरी, शहद, कच्ची घानी तेल, गुड़ पाउडर एवं क्यूब, कोदो-कुटकी चावल आदि के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। हैंडीक्राफ्ट, जूट एवं बांस उत्पाद, भेड़ाघाट स्टोन वर्क, मंडला की प्रसिद्ध गोंड पेंटिंग, टेराकोटा होम डेकोर एवं वन औषधि प्रदर्शनी ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। मंगलायतन विश्वविद्यालय जबलपुर से आए मिलेट वैज्ञानिक डॉ.एस.एस.शुक्ला ने मिलेट्स में उपलब्ध पोषक तत्वों एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नागरिकों से दैनिक आहार में श्री अन्न शामिल करने का आह्वान किया।
द्वितीय दिवस के प्रमुख आकर्षण – 27 फरवरी 2026 को विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में कृषक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मिलेट्स के उन्नत उत्पादन, नवीनतम किस्मों एवं आधुनिक यंत्रों की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव के वैज्ञानिकों द्वारा जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित कोदो, कुटकी एवं रागी की 14 नवीनतम किस्मों की जानकारी प्रदान की गई। मिलेट थ्रेसिंग मशीन, मिलेट क्लीनर, मिलेट पॉलिशर आदि यंत्रों के उपयोग से किसानों को अवगत कराया गया। कृषि विज्ञान केंद्र देलाखारी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों द्वारा खेती की लागत कम करने, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक कीट नियंत्रण एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य कृषकों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समापन दिवस के आकर्षण-
वृंदावन आर्ट ग्रुप की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम –
28 फरवरी 2026 को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का समापन हुआ। विभिन्न विकासखंडों से कृषि एवं उद्यानिकी के कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा मृदा स्वास्थ्य, पराली प्रबंधन, प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, मल्चिंग तकनीक एवं उद्यानिकी फसलों के उत्पादन पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील कृषकों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े स्टॉल प्रभारियों को सम्मानित किया गया तथा सभी सहभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अन्य प्रमुख गतिविधियां- तकनीकी मिलेट गैलरी के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को मिलेट्स के पोषण महत्व से अवगत कराया गया। उद्यानिकी प्रशिक्षण, फ्लावर शो एवं टेरेस गार्डनिंग प्रदर्शनी आयोजित की गई। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादों का स्टॉल लगाया गया। 20 से अधिक बीज कंपनियों द्वारा उन्नत बीज एवं कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी की गई। डिंडोरी जिले के लेहरी बाई समूह द्वारा मिलेट्स सीड बैंक का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम में लगभग 1800 कृषकों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

