मध्यप्रदेश: रीवा कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को ई-टोकन खाद और गेहूं उपार्जन में सतर्कता के दिए निर्देश
24 मार्च 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: रीवा कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को ई-टोकन खाद और गेहूं उपार्जन में सतर्कता के दिए निर्देश – मध्यप्रदेश के रीवा जिले की कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी विभागों की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण, गेंहू उपार्जन और खाद वितरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज किसी भी शिकायत को “नॉन अटेण्डेड” न छोड़ा जाए और सभी विभाग सी एवं डी श्रेणी से ए श्रेणी में आने के प्रयास करें।
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान के तहत 26 मार्च तक विकासखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में आवेदन निराकरण सुनिश्चित करने और जिला स्तर पर आवेदन की भीड़ रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने जल-गंगा संवर्धन अभियान के तहत कार्यों की कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निष्पादन पर जोर दिया। इसके अलावा, गेंहू उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों की रकबे का 100 प्रतिशत सत्यापन करने, वास्तविक किसानों को लाभ सुनिश्चित करने और गलत व्यक्तियों को उपार्जन का लाभ न मिलने देने के भी निर्देश जारी किए।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी 1 अप्रैल से ई-टोकन के माध्यम से ही खाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को ई-टोकन से होने वाले वितरण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उनके लिए शासन द्वारा उपलब्ध जमीन के आधार पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और चाकघाट, बैकुंठपुर और मनगवां नगर परिषद के सीएमओ की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य सतर्कता, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ किए जाएं।
गेंहू उपार्जन में सतर्कता
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकरण अनुसार किसानों के खेत का सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां रकबा बढ़ा है, वहां एसडीएम मौके पर जाकर सत्यापन सुनिश्चित करें। वास्तविक किसान लाभ से वंचित न रहें और गलत व्यक्ति को लाभ न मिले।
ई-टोकन खाद वितरण
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही खाद का विक्रय सुनिश्चित किया जाए। समितियों और विपणन विभाग द्वारा इसकी जानकारी किसानों तक समय पर पहुंचाई जाए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समाधान
कलेक्टर ने कहा कि सभी शिकायतें समय पर निवारण हों और किसी भी विभाग में लंबित प्रकरण न रहे। अधिकारियों को ए श्रेणी में लाने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चल रहे जल-गंगा संवर्धन कार्यों का स्थल निरीक्षण करें और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट आगामी टीएल बैठक में प्रस्तुत करें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

