मध्यप्रदेश: मूंग-उड़द खरीदी के लिए पंजीयन शुरू, ओटीपी की जगह होगा फेस ऑथेंटिकेशन
03 जून 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: मूंग-उड़द खरीदी के लिए पंजीयन शुरू, ओटीपी की जगह होगा फेस ऑथेंटिकेशन – मध्यप्रदेश के कटनी जिले में कृषि वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) के तहत ग्रीष्मकालीन फसल मूंग एवं उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन जारी है। किसान 15 जून तक सभी कार्य दिवसों में ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।
जिला उपार्जन समिति की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा जिले भर में कुल 23 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सुविधा मिल सके।
तहसीलवार पंजीयन केंद्रों की व्यवस्था
कलेक्टर तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटनी नगर तहसील में कुठला और चाका 2 पंजीयन केंद्र बनाए गये हैं। जबकि तहसील ढीमरखेड़ा में पानउमरिया, खमतरा, ढीमरखेड़ा, दशरमन, सिलौडी और झिन्ना पिपरिया सहित कुल 6 केंद्रों पर पंजीयन की सुविधा रहेगी।
इसी प्रकार तहसील में स्लीमनाबाद में 2 केंद्र स्लीमनाबाद और तेवरी में किसान पंजीयन करा सकेंगे। वहीं तहसील बहोरीबंद के अंतर्गत 4 पंजीयन केंद्र बहोरीबंद, हथियागढ़, कुआं और बाकल निर्धारित किये गये हैं।
वहीं तहसील बड़वारा में 3 केंद्र बड़वारा, बिलायतकला, बसाड़ी, तहसील बरही में 1 केन्द्र बरही और तहसील विजयराघवगढ़ में 3 केन्द्र सिन्गौंडी, विजयराघवगढ़, जिवारा में पंजीयन की सुविधा होगी। इसके अलावा तहसील रीठी में 2 पंजीयन केन्द्र रीठी और बिलहरी बनाये गये हैं।अब फेस ऑथेंटिकेशन जरूरीइस वर्ष प्रशासन ने पारदर्शिता और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने से पहले आधार-सक्षम पीओएस मशीन या मोबाइल ऐप के माध्यम से ‘चेहरा प्रमाणीकरण’ कराना अनिवार्य होगा। पहले की तरह ओटीपी प्रणाली पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।
किसान यदि स्वयं उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो वे अधिकतम 3 अधिकृत व्यक्तियों को नामित कर सकते हैं। अधिकृत व्यक्ति का भी चेहरा प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। एक व्यक्ति अधिकतम तीन किसानों का ही प्रतिनिधि बन सकेगा।
सीधे खाते में होगा भुगतान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी गई फसल का भुगतान केवल पंजीकृत किसान के बैंक खाते में ही किया जाएगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

