Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में खरीफ बोनी का लक्ष्य पूरा, 48.62 लाख हेक्टेयर में हुई फसलों की बोनी

07 अक्टूबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ बोनी का लक्ष्य पूरा, 48.62 लाख हेक्टेयर में हुई फसलों की बोनी – छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2026 के तहत बोनी का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। 6 अक्टूबर की स्थिति में प्रदेश में 48.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग शत-प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी की गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मानसून के साथ शुरू हुआ खेती-किसानी का प्रारंभिक कार्य अब लगभग अंतिम चरण में है।

किसानों को 13.40 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सुगमता प्रदान करने के लिए उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद-बीज वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई और सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

प्रदेश में इस खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्रों में 18.02 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 13.40 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

4.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण

खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 4.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है।

प्रदेश में 1155.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज

अधिकारियों के अनुसार, 6 अक्टूबर सुबह तक प्रदेश में 1155.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। वहीं, आज तक दर्ज औसत वर्षा पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 1139.9 मिमी से 15.3 मिमी अधिक है।

किसानों को 8178.54 करोड़ रुपये का कृषि ऋण

किसानों को खेती-किसानी में सुविधा देने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार, खरीफ सीजन 2026 में 5 अक्टूबर तक किसानों को 8178.54 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6938.10 करोड़ रुपये का ऋण वितरण हुआ था। चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture