राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा मंडी में भावांतर योजना पर अहम बैठक, 19-20 मार्च के अवकाश में भी होगी उपज की नीलामी  

17 मार्च 2026, विदिशा: विदिशा मंडी में भावांतर योजना पर अहम बैठक, 19-20 मार्च के अवकाश में भी होगी उपज की नीलामी – कृषि उपज मंडी समिति विदिशा के कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में सभापति पदाधिकारी एवं एसडीएम क्षितिज शर्मा की अध्यक्षता में व्यापारियों, कृषकों, हम्माल तथा तुलावटी संघ के प्रतिनिधियों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरसों फसल के लिए संचालित भावांतर भुगतान योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत सरसों उपज के पंजीयन की अवधि 26 फरवरी से 20 मार्च तक निर्धारित की गई है, जबकि मंडी में नीलामी के माध्यम से सरसों की बिक्री की अवधि 23 मार्च से 30 मई तक रहेगी। संबंधित सभी पक्षों को योजना के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि यदि कोई कृषक 1 मार्च से 22 मार्च के मध्य सरसों का विक्रय करता है, तो उसकी पात्रता सीमा में से विक्रय की गई मात्रा घटाकर शेष मात्रा ही भावांतर भुगतान योजना के लिए पात्र मानी जाएगी। साथ ही योजना के अंतर्गत पंजीकृत कृषकों को मंडी में उपज विक्रय का संपूर्ण भुगतान ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करना अनिवार्य होगा। यदि कृषक द्वारा नगद भुगतान प्राप्त किया जाता है तो वह योजना के अंतर्गत अपात्र माना जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र कृषकों को भावांतर की राशि 15 दिवस के भीतर डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी। बैठक में रबी सीजन की आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठालय के निर्देशानुसार मार्च माह में अवकाश दिवसों की संख्या अधिक होने के कारण अवकाश के दिनों में भी मंडी में नीलामी कार्य संचालित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। सभी पक्षों की सहमति से 19 मार्च (गुड़ी पड़वा एवं चैत्र नवरात्र) तथा 20 मार्च (चेतीचंद) के अवकाश दिवसों में भी मंडी में नीलामी कार्य किए जाने का निर्णय लिया गया।

मंडी समिति द्वारा सभी कृषक भाइयों एवं मंडी से जुड़े संबंधित पक्षों को सूचित किया गया है कि 19 एवं 20 मार्च को भी मंडी में नीलामी कार्य जारी रहेगा, इसलिए किसान भाई इन दिनों में भी अपनी उपज विक्रय के लिए मंडी में ला सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements