महिदपुर में नरवाई प्रबंधन तकनीक और ई टोकन पर सह कार्यशाला आयोजित
20 मार्च 2026, उज्जैन: महिदपुर में नरवाई प्रबंधन तकनीक और ई टोकन पर सह कार्यशाला आयोजित – जिले में किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत निरंतर कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को विकासखंड महिदपुर के अंतर्गत जनपद पंचायत कार्यालय महिदपुर में नरवाई प्रबंधन और ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन व्यवस्था के संबंध में समस्त पटवारी, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर कार्यालयीन सहायक संचालक कृषि श्री कमलेश कुमार राठौर ने प्रशिक्षण में उपस्थित पटवारियों को फार्मर रजिस्ट्री (एग्री-स्टैक) को अद्यतन (अपडेट) करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अजय हिंगे ने भी उपस्थित पटवारियों एवं पंचायत सचिवों/रोजगार सहायकों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा ई-टोकन प्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। श्री राठौर ने बताया गया कि आगामी 1 अप्रैल 2026 से उर्वरक का वितरण शतप्रतिशत ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही किया जाएगा, जिससे उर्वरक वितरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेगी।ई-विकास प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं के साथ-साथ नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
उक्त प्रशिक्षण में जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती मीना झा , तहसीलदार सुश्री संतुष्टि पाल , नायब तहसीलदार एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जे.एस.चौहान सहित महिदपुर के कृषि विस्तार अधिकारी श्री चंद्रशेखर कुरील, श्री ब्रजकुमार सोलंकी, श्री भूप सिंह सेमिल, सुश्री शिवना चौहान आदि उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों तक शासन की योजनाओं और नवीन उर्वरक व्यवस्था ई टोकन की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने एवं नरवाई प्रबंधन जागरूकता किसानों एवं जन-जन पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
जागरूकता रथ रवाना – कार्यशाला के पश्चात नरवाई प्रबंधन के लिए जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ क्षेत्र में विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर कृषकों को नरवाई न जलाने के लिए जागरूक करेगा। इस दौरान एसडीएम महिदपुर श्री अजय हिंगे, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती मीना झा, तहसीदार सुश्री संतुष्टि पाल, श्री राजेश चौहान, सहायक संचालक श्री कमलेश राठौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जीएस चौहान एवं समस्त कृषि विकास अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

