राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों को अब दिन में भी मिलेगी सिंचाई की बिजली, CM मोहन यादव ने श्योपुर में किया ऐलान

03 सितंबर 2026, भोपाल: किसानों को अब दिन में भी मिलेगी सिंचाई की बिजली, CM मोहन यादव ने श्योपुर में किया ऐलान – मध्यप्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसान दिन में ही अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह घोषणा कृषि उपज मंडी परिसर श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को वर्चुअली संबोधित करते हुए की। इस दौरान उन्होंने श्योपुर के किसानों से संवाद भी किया।

मंडी में विश्राम गृह के लिए 60 लाख रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि उपज मंडी श्योपुर में किसानों की सुविधा के लिए नवीन विश्राम गृह के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि पहले 6-6 महीने निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर एक वर्ष कर दिया गया है। यानी किसान जिस तारीख को ऋण लेगा, उसे चुकाने के लिए उस तारीख से एक साल का समय मिलेगा।

पशुपालन से आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में दुग्ध सहकारी समितियों का गठन करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में धान और गेहूं का अच्छा उत्पादन होता है और यहां के किसान मोटे अनाज का उत्पादन भी कर रहे हैं।

पराली प्रबंधन के लिए किसान को मिला अनुदान

मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान ग्राम राडेप के किसान श्री मुकुट चौधरी ने बताया कि उन्हें कृषि अभियांत्रिकी योजना के तहत पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी पर मिले हैं। उन्होंने सुपर सीडर खरीदा, जिस पर उन्हें 1.20 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई गईं। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी की नवीन तकनीकों और विभिन्न फसलों से संबंधित उपयोगी जानकारी दी।

कार्यक्रम में श्योपुर के प्रगतिशील किसानों नरेन्द्र चौधरी, भरत जाट, शिशुपाल मीणा, सोनू शर्मा, बनवारी मीणा, भुवनेश मीणा, पूरण प्रजापति, गोविद पटेलिया और मान सिंह पटेलिया को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची रोकने की अपील की। साथ ही सामूहिक विवाह सम्मेलनों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture