अदरक की खेती से किसान हुआ मालामाल! सिर्फ 1 एकड़ में कमाए 5 लाख रुपये, जानिए कैसे मिली सफलता
11 जुलाई 2026, रायपुर: अदरक की खेती से किसान हुआ मालामाल! सिर्फ 1 एकड़ में कमाए 5 लाख रुपये, जानिए कैसे मिली सफलता – छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने से किसान अब पारंपरिक धान की खेती छोड़ अधिक लाभ देने वाली फसलों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। इसी का सकारात्मक उदाहरण सरगुजा जिले के ग्राम दरिमा के प्रगतिशील किसान अमित कुमार सिंह हैं, जिन्होंने धान की जगह अदरक की खेती अपनाकर महज एक एकड़ में करीब 5 लाख रुपये की कमाई की। उनका कहना है कि यदि बाजार में बेहतर दाम मिलें तो अदरक की खेती से प्रति एकड़ 10 लाख रुपये तक की आय भी हासिल की जा सकती है।
धान की जगह अपनाई अदरक की खेती
अमित कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में अदरक की खेती शुरू की थी। पहले ही वर्ष बेहतर उत्पादन और अच्छी आमदनी मिलने के बाद उनका इस खेती पर भरोसा बढ़ा। इस सफलता से उत्साहित होकर उन्होंने इस साल अदरक की खेती का रकबा भी बढ़ा दिया है। उनका मानना है कि क्षेत्रफल बढ़ने से इस बार आय भी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक होगी।
वैज्ञानिक तरीके से की खेती
किसान अमित ने बताया कि उन्होंने अदरक की खेती वैज्ञानिक पद्धति से मेड़ बनाकर की, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हुआ। उनका कहना है कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर सीमित भूमि पर भी किसान बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
सरकार से मिली 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता
राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर उद्यानिकी और अन्य लाभकारी फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता राशि दी जा रही है। अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस सहायता से खेती की लागत कम होती है और किसानों को नई फसलों को अपनाने का आत्मविश्वास मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अन्य किसानों से भी धान के साथ-साथ अदरक एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती अपनाने की अपील की।
फसल विविधीकरण से बढ़ रही किसानों की आय
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को फसल विविधीकरण के लिए तकनीकी मार्गदर्शन, कृषि विशेषज्ञों की सलाह और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत कम करना और कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाना है। विभाग लगातार किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लाभकारी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, जिससे प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

