राज्य कृषि समाचार (State News)

रायगढ़ में जैविक खेती और दलहन उत्पादन पर जोर, किसानों की आय बढ़ाने कलेक्टर ने दिए निर्देश

03 जून 2026, रायगढ़: रायगढ़ में जैविक खेती और दलहन उत्पादन पर जोर, किसानों की आय बढ़ाने कलेक्टर ने दिए निर्देश – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन को प्रोत्साहन देने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्रॉप’ कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिले के लैलूंगा विकासखंड को जैविक सुगंधित धान फसल ‘जवां फूल’ की खेती के लिए चयनित किया गया है। पिछले वर्ष 315 हेक्टेयर क्षेत्र में इसकी खेती की गई थी, जिससे 521 किसानों को लाभ मिला था। इस वर्ष इसका रकबा बढ़ाकर 750 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर ने कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देकर किसानों को बेहतर बाजार और अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कृषि विभाग को किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने और आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में दलहन उत्पादन बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस वर्ष 6,332 हेक्टेयर क्षेत्र में उड़द की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने किसानों को दलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने तथा उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

‘खेत बचाओ अभियान’ के प्रभावी संचालन पर जोर

कलेक्टर ने एक जून से 30 जून तक संचालित किए जा रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के लिए किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित किया जाए। अभियान के तहत किसानों को हरित शैवाल आधारित जैविक खाद तैयार करने, खेतों में टांका निर्माण तथा प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

खरीफ सीजन को लेकर दिए विशेष निर्देश

आगामी खरीफ सीजन और मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि एवं सहकारिता विभाग को सेवा सहकारी समितियों में किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण तथा सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements