ग्वालियर में जैविक खेती के लाभों पर हुआ मंथन
20 जून 2026, ग्वालियर: ग्वालियर में जैविक खेती के लाभों पर हुआ मंथन – जैविक खेती केवल खेती की एक पद्धति नहीं बल्कि मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और कृषि की दीर्घकालीन समृद्धि का आधार है। किसान भाइयों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाना चाहिए, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी और बाजार में बेहतर मूल्य भी प्राप्त होगा। क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिये आयोजित जिला स्तरीय किसान कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही।
किसानों के लिये जैविक खेती के महत्व को बताने के उद्देश्य से नगर निगम के बाल भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसान भाईयों को जैविक खेती के संबंध में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यशाला में क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह के साथ ही जिला अध्यक्ष भाजपा श्री जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, किसान मोर्चे के उपाध्यक्ष श्री नेकसिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष श्री गिर्राज व्यास, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा श्री कमल माखीजानी, श्री अभय चौधरी, महामंत्री श्री धर्मेन्द्र तोमर, श्री राजू पलैया, श्री जवाहर प्रजापति के साथ ही कृषि, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित थे।
क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने किसान भाइयों से कहा कि जैविक खेती स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अति महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भी जैविक खेती को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान भाई संकल्प लें कि वे जैविक खेती को अपनायेंगे। इसके माध्यम से न केवल बीमारियों से बचा जा सकता है बल्कि किसान भाईयों की आर्थिक समृद्धि भी इसके माध्यम से और बेहतर होगी।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किसानों से कहा है कि जैविक खेती के संबंध में किसान भाईयों को अधिक से अधिक जानकारी लेकर इसे अपनाने की आवश्यकता है। जैविक खेती के माध्यम से ही हम विभिन्न बीमारियों से निजात पा सकते हैं। इसके साथ ही किसान भाई कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को और मजबूत कर सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि जैविक खेती कर रहे किसानों को शासन-प्रशासन द्वारा भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्वालियर जिले में भी जैविक खेती से उत्पादन करने वाले किसानों को बाजार उपलब्ध कराने हेतु प्रति रविवार कृषि विश्वविद्यालय के बाहर एक बाजार संचालित किया जा रहा है।
किसान मोर्चे के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नेकसिंह गुर्जर ने भी किसान भाइयों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में जैविक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में प्रत्येक जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु किसानों की कार्यशाला का आयोजन हो रहा है। उन्होंने किसान भाईयों से आग्रह किया कि वे जैविक खेती को अपनाएं।कार्यशाला के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजोरिया ने कहा कि जैविक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु जिला स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा जैविक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसी प्रकार की कार्यशालाएं जिले के अन्य ब्लॉक में भी आयोजित की जायेंगी।
कार्यशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने जैविक खेती एवं उद्यानिकी खेती के संबंध में किसान भाईयों को विस्तार से जानकारी दी। किसान भाईयों को जैविक खेती के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाल भवन परिसर में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर जानकारी भी दी गई।
जैविक खेती करने वाले किसानों का हुआ सम्मान – जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिये आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह एवं अतिथियों ने जिले में जैविक खेती करने वाले किसानों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित भी किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

