छत्तीसगढ़ के दूध किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, देवभोग के विस्तार से लेकर आधुनिक डेयरी व्यवस्था तक सरकार का प्लान
04 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ के दूध किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, देवभोग के विस्तार से लेकर आधुनिक डेयरी व्यवस्था तक सरकार का प्लान – छत्तीसगढ़ में डेयरी क्षेत्र को आत्मनिर्भर, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में पशुधन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम दुर्ग जिले के उरला (कुम्हारी) स्थित छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित (देवभोग) द्वारा आयोजित दुग्ध किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवभोग ब्रांड गुणवत्ता और अटूट विश्वास का प्रतीक बन चुका है, जिसने अपनी शुद्धता के बल पर देश में विशिष्ट पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने उरला दुग्ध संयंत्र में नवीन कैंटीन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने दुग्ध संयंत्र की विभिन्न प्रणालियों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
पशुपालकों के लिए विशेष मार्गदर्शिका का विमोचन
दुग्ध किसान सम्मेलन के दौरान पशुधन विकास मंत्री ने पशुपालकों के लिए तैयार विशेष मार्गदर्शिका पुस्तिकाओं का विमोचन किया। इसके अलावा देवभोग के रेडियो जिंगल, रिंगटोन और प्रेरक गीत का भी औपचारिक विमोचन किया गया। राज्य सरकार का लक्ष्य मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डेयरी क्षेत्र को आत्मनिर्भर, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसके जरिए किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
दुग्ध संग्रहण से मार्केटिंग तक व्यवस्था होगी मजबूत
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि पशुपालन को आजीविका का मजबूत साधन बनाने के लिए दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, विपणन नेटवर्क और तकनीकी सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध उत्पादकों और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डेयरी विकास की कार्ययोजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप ‘देवभोग’ को पूरे देश में गुणवत्ता और विश्वास के प्रतीक के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक उत्पादन व्यवस्था, विपणन नेटवर्क और किसानों की भागीदारी को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि डेयरी क्षेत्र में इन प्रयासों से दुग्ध उत्पादक किसानों की आय, आत्मनिर्भरता और समृद्धि में निरंतर वृद्धि होगी।
बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान हुए शामिल
दुग्ध किसान सम्मेलन में पशु चिकित्सा सेवाएं के संचालक श्री चंद्रकांत वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान और महिला पशुपालक उपस्थित रहे
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

