छत्तीसगढ़: सूरजपुर में लगा सेवा संकल्प शिविर, किसानों को मिली खाद-बीज, ऋण और सब्सिडी की जानकारी
07 अक्टूबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: सूरजपुर में लगा सेवा संकल्प शिविर, किसानों को मिली खाद-बीज, ऋण और सब्सिडी की जानकारी – छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया।
किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी
शिविर में कृषि विभाग ने कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य पात्र फसल लेने वाले किसानों को मिलने वाली आदान सहायता की जानकारी दी। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का प्रावधान है। इसके लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी में फसल की सही प्रविष्टि होना अनिवार्य बताया गया।
इसके अलावा किसानों को प्रधानमंत्री आशा योजना के तहत दलहन-तिलहन खरीदी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत मिलने वाले अनुदान, कृषि यंत्रीकरण पर सब्सिडी और किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए ब्याजमुक्त ऋण की जानकारी दी गई।
एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील
आगामी धान खरीदी में किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए किसानों से समय पर एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने किसानों को पंजीयन प्रक्रिया और इससे संबंधित जरूरी जानकारी भी दी।
उद्यानिकी और मत्स्य पालन योजनाओं की जानकारी
उद्यानिकी विभाग ने ग्रामीणों को मौसमी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, मत्स्य विभाग ने मछली बीज वितरण पर मिलने वाले अनुदान और मत्स्य पालन से जुड़े अवसरों की जानकारी दी।
आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड बनवाने और मुफ्त उपचार का लाभ लेने की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा सर्पदंश की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेने और अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता के बारे में बताया गया। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध किफायती दवाइयों की जानकारी भी दी गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


