छत्तीसगढ़ के किसान ने अपनाई नई तकनीक, नैनो उर्वरकों से बढ़ी पैदावार और घटी लागत
15 जुलाई 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ के किसान ने अपनाई नई तकनीक, नैनो उर्वरकों से बढ़ी पैदावार और घटी लागत – छत्तीसगढ़ में किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और लाभकारी खेती से जोड़ने के लिए राज्य सरकार लगातार नई कृषि तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खेती की लागत कम करना, उत्पादन बढ़ाना और पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। इसी पहल का सकारात्मक परिणाम कोरबा जिले के एक किसान की खेती में देखने को मिला है।
कोरबा जिले के ग्राम अमगांव निवासी किसान अमर सिंह कंवर, जो लगभग दो एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं, लंबे समय से पारंपरिक खेती कर रहे थे। पिछले वर्ष उन्होंने पहली बार अपनी धान की फसल में नैनो उर्वरकों का उपयोग किया। बेहतर परिणाम मिलने के बाद इस वर्ष भी उन्होंने अपनी फसल में नैनो उर्वरकों के इस्तेमाल का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने सहकारी समिति कनबेरी से समय पर आवश्यक खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री प्राप्त की।
कम लागत में मिला बेहतर उत्पादन
किसान अमर सिंह कंवर ने बताया कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आई है, जबकि धान का उत्पादन पहले की तुलना में बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की बर्बादी भी कम हुई है, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हुआ है। उनके अनुसार आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से खेती अधिक प्रभावी और लाभकारी बन रही है।
पर्यावरण संरक्षण में भी मिल रही मदद
किसान का कहना है कि नैनो उर्वरक केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उर्वरकों का संतुलित उपयोग होने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग की आवश्यकता भी कम होती है। इससे टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिल रहा है।
सहकारी समितियों से समय पर मिल रही कृषि सामग्री
अमर सिंह कंवर ने सहकारी समिति में उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि किसानों को आवश्यकतानुसार खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है। समितियों में पर्याप्त भंडारण होने से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे किसान
राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समय पर उपलब्ध कराई जा रही कृषि आदान सामग्री के कारण जिले के किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को तेजी से अपना रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि नैनो उर्वरकों का बढ़ता उपयोग न केवल उत्पादन बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा है, बल्कि कम लागत, संतुलित पोषण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक टिकाऊ बनाने में मदद मिल रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

