राजगढ़ में नरवाई जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित, उल्लंघन पर लगेगा 15 हजार तक का जुर्माना
15 फरवरी 2026, राजगढ़: राजगढ़ में नरवाई जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित, उल्लंघन पर लगेगा 15 हजार तक का जुर्माना – मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के उप संचालक कृषि किसान कल्याण तथा कृषि विकास द्वारा कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के संज्ञान में लाया गया है की वर्तमान में गेहूं की अधिक फसल कटाई कम्बाईन हारवेस्टर द्वारा की जाती है। कम्बाईन हार्वेस्टर से कटाई उपरांत फसल की नरवाई में आग लगाने की घटनाओ में तेजी से वृद्धि हुई है। नरवाई जलाने के कारण वायु प्रदूषण एवं आगजनी की घटनाओं से आमजन के स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है। साथ ही खेत में आग के अनियंत्रित होने पर जन धन, संपत्ति, प्राकृतिक वनस्पति, जीव-जंतु आदि नष्ट हो जाते है। जिससे व्यापक नुकसान होता है एवं भूमि की उर्वरा शक्ति कम होती है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. मिश्रा द्वारा फसल काटने के उपरांत उसके अवशेषों (पराली/नरवाई) को जलाने से रोकने हेतु भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग करते हुए सम्पूर्ण जिला राजगढ़ राजस्व सीमा क्षेत्र के लिए आदेश पारित किया हैं। जिसमें राजगढ़ जिला अंतर्गत फसल कटाई के पश्चात् फसल अवशेषों को जलाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाता है। हारवेस्टर मशीन संचालकों को यह अनिवार्य होगा की वह हारवेस्टर मशीन के साथ स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम लगाकर ही फसल कटाई करेंगे एवं खेत पर ही फसल अवशेषों का भूसा बनाकर निपटान करेंगे। यदि राजगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हारवेस्टर मशीन संचालको द्वारा हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम नहीं लगाया जाता है, तो क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
साथ ही बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम लगी हारवेस्टर मशीन से फसल कटाई कराने पर स्ट्रा रीपर मशीन से भूसा बनवाना अनिवार्य होगा। अन्यथा भूमि मालिक एवं हारवेस्टर मशीन संचालक दोनों पर अलग-अलग राशि 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। हारवेस्टर मशीन संचालकों को यह अनिवार्य होगा की वह हारवेस्टर मशीन का प्रकार, मशीन /वाहन नं., स्वामी का नाम, संपर्क नं., कार्यक्षेत्र आदि की सूचना सम्बंधित थाना में दर्ज कराएगें। इस हेतु थाना प्रभारी द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। पर्यावरण विभाग भोपाल द्वारा जारी नोटिफिकेशन अंतर्गत नरवाई में आग लगाना दंडनीय होगा एवं उल्लंघन पर निम्नानुसार पर्यावरण क्षति पूर्ति राशि देय होगी। जिसमें ऐसे भूमि धारक जिनकी भूमि का क्षेत्र 2 एकड़ से कम हैं। उन्हें 2500 रूपये प्रति घटना, ऐसे भूमि धारक जिनकी भूमि का क्षेत्र 2 एकड़ से अधिक व 5 एकड़ से कम है 5 हजार रुपए प्रति घटनाएं ऐसे भूमि धारक जिनकी भूमि का क्षेत्रफल 5 एकड़ या उससे अधिक है 15 हजार रुपए प्रति घटना रहेगा। अत: उक्त आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 233 के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

