कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026” का किया उद्घाटन, किसानों को आधुनिक यंत्रीकरण अपनाने पर दिया जोर
25 मार्च 2026, भोपाल: कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026” का किया उद्घाटन, किसानों को आधुनिक यंत्रीकरण अपनाने पर दिया जोर – केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी स्थित केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) में आयोजित राष्ट्रीय उन्नत कृषि यंत्रीकरण प्रदर्शनी में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बुधनी की इस पावन धरा के कण-कण में कृषि का कौशल विद्यमान है। उन्होंने कहा कि यहां आज जो प्रदर्शनी लगाई गई है, यह हमारे देश की कृषि की तकनीकी से समृद्धि तक की यात्रा का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि हमारा भारत वह देश है जिसने दुनिया को खेती करना सिखाया है। आज भी कृषि हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की आय बढ़ाना है तो यह केवल परंपरागत तकनीकों से संभव नहीं है, इसके लिए हमें खेती में उन्नत एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को मशीनों के प्रयोग का, प्रदर्शन का और किसानों के लिए प्रशिक्षण का देश का सबसे प्रमुख सेंटर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संस्थान है, जो कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि सभी किसानों को खेती के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे लागत कम हो और उत्पादन अधिक हो सके।
उन्होंने कहा कि उत्पादन अधिक हो सके, इसके लिए प्रयोगशालाओं में उच्च गुणवत्ता के बीज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए बेहतर बीजों की आवश्यकता होती है, इसलिए बुधनी में नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन के माध्यम से एक बीज प्रोसेसिंग सेंटर बनाया जाएगा, जो नए-नए बीज तैयार करेगा और किसानों को उपलब्ध कराएगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री राजीव सिंह, श्री रघुनाथ भाटी, श्री रवि मालवीय, संयुक्त सचिव भारत सरकार सुश्री रुक्मणी सुंदरम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, स्व-सहायता समूह की दीदियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

