राज्य कृषि समाचार (State News)

प्रदेश में साढ़े 3 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मूंग खरीदी में अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी, दोषियों को ब्लैकलिस्ट कर होगी कार्रवाई

11 अगस्त 2026, भोपाल: प्रदेश में साढ़े 3 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश – मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। प्रदेश में अब तक करीब साढ़े 3 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मूंग खरीदी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में मूंग खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीदी से जुड़े कार्यों में गड़बड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

4.54 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारत सरकार से मध्यप्रदेश को 4 लाख 54 हजार मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके मुकाबले प्रदेश में खरीदी का कार्य लगातार जारी है और अब तक लगभग 3.50 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी जा चुकी है।

मूंग खरीदी के लिए प्रदेश के 3 लाख 47 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 3.42 लाख किसानों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनकी उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग खरीदी में पारदर्शिता और किसानों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाए।

बैठक में कृषि मंत्री श्री एंदल सिंह कंषाना वर्चुअली शामिल हुए। मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture