राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

भारत–फिजी कृषि सहयोग पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की द्विपक्षीय बैठक, डिजिटल कृषि पर सहमति बनी

10 जनवरी 2026, नई दिल्ली: भारत–फिजी कृषि सहयोग पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की द्विपक्षीय बैठक, डिजिटल कृषि पर सहमति बनी – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में फिजी के कृषि एवं जलमार्ग मंत्री तोमासी तुनाबुना के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच मौजूदा कृषि सहयोग की समीक्षा की गई और भविष्य में सहयोग को और मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक का मुख्य फोकस कृषि विकास, खाद्य सुरक्षा और तकनीकी सहयोग पर रहा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और फिजी के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं, जो आपसी सम्मान, सहयोग और मजबूत सांस्कृतिक एवं जन-संपर्कों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि कृषि और खाद्य सुरक्षा दोनों देशों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं और इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर किसानों के हित में ठोस परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

बैठक में दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत–फिजी कृषि सहयोग को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप और अधिक व्यावहारिक तथा परिणामोन्मुख बनाया जाए, ताकि छोटे किसानों को तकनीक, प्रशिक्षण और नवाचार का लाभ मिल सके।

एमओयू विस्तार और संयुक्त कार्य समूह पर सहमति

दोनों देशों के मंत्रियों ने कृषि क्षेत्र में मौजूदा समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही, सहयोग को प्रभावी रूप से लागू करने और योजनाओं की निगरानी के लिए एक संयुक्त कार्य समूह (Joint Working Group – JWG) के गठन का निर्णय लिया गया। यह समूह नियमित संवाद के माध्यम से सहयोग के लक्ष्यों को आगे बढ़ाएगा।

डिजिटल कृषि, लघु मशीनरी और प्रशिक्षण पर फोकस

बैठक में डिजिटल कृषि, लघु कृषि मशीनरी और आधुनिक कृषि उपकरणों से जुड़ी तकनीकों के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही छात्र आदान-प्रदान, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, कृषि अनुसंधान अवसंरचना को मजबूत करने और आनुवंशिक संसाधनों के आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने खाद्य हानि एवं अपव्यय को कम करने के लिए ज्ञान और अनुभव साझा करने पर भी सहमति जताई।

बैठक में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद

फिजी के प्रतिनिधिमंडल में कृषि एवं जलमार्ग मंत्री तोमासी तुनाबुना के साथ बहुजातीय मामलों एवं चीनी उद्योग मंत्री चरणजीत सिंह, फिजी के उच्चायुक्त महामहिम जगन्नाथ सामी, चीनी मंत्रालय के स्थायी सचिव डॉ. विनेश कुमार, फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के बोर्ड अध्यक्ष श्री नित्या रेड्डी तथा फिजी उच्चायोग के परामर्शदाता पाउलो दाउरेवा शामिल थे।

भारत की ओर से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव देवेश चतुर्वेदी, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव एम. एल. जाट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements