राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

मंत्री शिवराज सिंह ने गुजरात-पंजाब के मंत्रियों संग की अहम बैठक, कृषि योजनाओं में समयबद्ध बजट उपयोग पर दिया जोर

10 जनवरी 2026, नई दिल्ली: मंत्री शिवराज सिंह ने गुजरात-पंजाब के मंत्रियों संग की अहम बैठक, कृषि योजनाओं में समयबद्ध बजट उपयोग पर दिया जोर – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में गुजरात एवं पंजाब के कृषि मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY), कृषोन्नति योजना (KY) सहित अन्य प्रमुख केंद्रीय कृषि योजनाओं के अंतर्गत राज्यों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था। इस दौरान योजनाओं के राज्यवार क्रियान्वयन, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित प्रस्तावों तथा बजट उपयोग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोनों राज्यों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत जारी की गई धनराशि का समयबद्ध, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो राज्य धनराशि का प्रभावी और समय पर उपयोग करेंगे, उन्हें आगामी बजट में पर्याप्त और निर्बाध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

ब्याज राशि समय पर जमा करने के निर्देश

बैठक के दौरान चौहान ने यह भी कहा कि केंद्रांश से संबंधित ब्याज की निर्धारित राशि समय पर जमा करना अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की देरी से योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न होती है और इसका प्रतिकूल प्रभाव अगली किस्त की स्वीकृति पर भी पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

दलहन-तिलहन उत्पादन और MSP खरीद पर चर्चा

समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गुजरात में दलहन एवं तिलहन उत्पादन की स्थिति, किसानों की भागीदारी तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर हो रही खरीद की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से उड़द की खरीद प्रक्रिया को और तेज करने तथा किसानों के लिए खरीद व्यवस्था को सरल और सुगम बनाने पर जोर दिया।

परिणामोन्मुखी बजट उपयोग पर केंद्र का फोकस

श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए आवंटित बजट का योजनाबद्ध, प्रभावी और परिणामोन्मुखी उपयोग अत्यंत आवश्यक है। समय पर और सही वित्तीय उपयोग से ही योजनाओं के वास्तविक प्रभाव का आकलन संभव है, जिसके आधार पर केंद्र सरकार द्वारा अगली किस्त समय पर जारी की जा सकेगी।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में पंजाब के कृषि मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, गुजरात के कृषि राज्य मंत्री श्री रमेशभाई कटारा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements