पंजाब के किसानों को 254 करोड़ की सौगात, 7 नई कृषि परियोजनाओं को मंजूरी
18 नवंबर 2026, नई दिल्ली: पंजाब के किसानों को 254 करोड़ की सौगात, 7 नई कृषि परियोजनाओं को मंजूरी – पंजाब के किसानों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी घोषणा की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के किसानों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 254.20 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। इसके साथ ही राज्य की वार्षिक कार्ययोजना के तहत 98.44 करोड़ रुपए की लागत वाली 7 नई कृषि परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। इस तरह पंजाब के कृषि विकास के लिए कुल 352.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
शिवराज सिंह चौहान ने मोहाली जिले के गांव बदरपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की मौजूदगी में स्वीकृति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और खाद की कालाबाजारी, नकली बीज और कीटनाशकों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने घोषणा की कि खाद की जबरन टैगिंग और कालाबाजारी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। वहीं, नकली कीटनाशकों पर रोक लगाने के लिए नया सख्त कानून लाने की तैयारी है।
खाद की कालाबाजारी और टैगिंग करने वालों को जेल
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खाद की कालाबाजारी और खाद के साथ जबरन दूसरे उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी खाद विक्रेता को किसानों पर खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने का दबाव बनाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विदेशों से महंगी खाद खरीदकर किसानों को भारी सब्सिडी पर उपलब्ध कराती है, ताकि खेती की लागत कम रहे। इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार खाद की कालाबाजारी करता है या उसकी टैगिंग कर किसानों को परेशान करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने नकली खाद, नकली बीज और घटिया कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए मौजूदा पेस्टिसाइड एक्ट में बदलाव कर नया और सख्त कानून लाने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस कानून को प्रभावी बनाने के लिए देशभर के किसानों और कृषि विशेषज्ञों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
10 हजार हेक्टेयर में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग, यूरिया का खोजा जा रहा विकल्प
केंद्रीय मंत्री ने खेती में रासायनिक खादों का इस्तेमाल कम करने और मिट्टी की सेहत सुधारने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि सरकार यूरिया के विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल का प्रयोग कर रही है। इसके लिए देशभर में 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने ग्रीन अमोनिया तकनीक का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी देखा। उन्होंने कहा कि इस प्रयोग के सफल होने पर किसानों को बड़ा फायदा मिल सकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिना जरूरत यूरिया और डीएपी का इस्तेमाल न करें। पहले खेत की मिट्टी की जांच कराएं और रिपोर्ट के अनुसार ही खाद व पोषक तत्वों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह जरूरत से ज्यादा दवा खाने से इंसान की सेहत खराब होती है, उसी तरह रासायनिक खादों के अत्यधिक इस्तेमाल से धरती की सेहत भी खराब होती है।
गेहूं-धान के साथ दूसरी फसलों और पशुपालन को अपनाएं किसान
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के किसानों से फसल विविधीकरण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल गेहूं और धान की खेती पर निर्भर रहना लंबे समय में मिट्टी की सेहत और किसानों की आमदनी, दोनों के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग यानी एकीकृत खेती अपनाने की सलाह दी। इसके तहत किसान फसल उत्पादन के साथ फल, सब्जी, पशुपालन, मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे काम भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों को अपनाने से किसानों को सालभर आमदनी के अलग-अलग साधन मिल सकते हैं। सरकार आगामी बजट में भी एकीकृत खेती से जुड़ी अधिक से अधिक परियोजनाएं किसानों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
पराली नहीं जलाने वाले किसान की तारीफ
केंद्रीय मंत्री ने पंजाब में पराली प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाने के लिए राज्य के किसान लगातार प्रयास कर रहे हैं और पंजाब इस दिशा में पूरे देश के लिए उदाहरण बन सकता है। उन्होंने किसान भूपिंदर सिंह की विशेष रूप से तारीफ की, जो पराली जलाने के बजाय उसे खेत में ही मिट्टी में मिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों का सही प्रबंधन करने से मिट्टी की सेहत सुधारने में मदद मिलती है और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होता।
शहद उत्पादकों के लिए हनी बोर्ड की विशेष बैठक
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने प्रगतिशील किसानों से बातचीत की और उनके खेती से जुड़े नए प्रयोगों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जैविक खेती, डेयरी, मधुमक्खी पालन और वर्मी कंपोस्ट उत्पादन से जुड़े किसानों के काम की सराहना की। उन्होंने जैविक खेती, साहीवाल डेयरी और मधुमक्खी पालन करने वाले किसान जगदीश के प्रयासों की तारीफ की। वहीं, किसान फतेह सिंह द्वारा बिना बिचौलियों के सीधे ग्राहकों तक शुद्ध दूध और मिठाई पहुंचाने के काम को भी सराहा। इसके अलावा पांच एकड़ में वर्मी कंपोस्ट परियोजना चला रहे किसान रतनजोत के प्रयासों की भी प्रशंसा की। शहद उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड (हनी बोर्ड) की विशेष बैठक बुलाने के निर्देश दिए। साथ ही जैविक उत्पादों के सर्टिफिकेशन यानी प्रमाणन की प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री में परेशानी न हो।
कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत सब्सिडी और शुगर मिल के आधुनिकीकरण का मुद्दा उठा
किसानों के साथ संवाद के दौरान कृषि से जुड़ी कई अन्य समस्याएं भी सामने आईं। किसानों ने छोटे समूहों को कृषि यंत्र खरीदने पर 80 प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग रखी। इसके अलावा मोरिंडा शुगर मिल के आधुनिकीकरण और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने का मुद्दा भी उठाया। केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों पर पंजाब सरकार के साथ मिलकर सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया।
केंद्र और राज्य मिलकर करेंगे किसानों के लिए काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य में अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारें हो सकती हैं, लेकिन किसानों के कल्याण के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। किसानों की जिंदगी बेहतर बनाना ही सरकारों का साझा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने पंजाब के जवानों और किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा की है और किसानों ने हरित क्रांति के माध्यम से देश के अन्न भंडार भरने में अहम भूमिका निभाई है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का संदेश मेहनत, सेवा और मानवता की प्रेरणा देता है। उन्होंने किसानों से भावनात्मक जुड़ाव जताते हुए कहा, “मैं आपके लिए मामा पहले हूं और मंत्री बाद में। किसानों की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है।”
कार्यक्रम में पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति, केंद्र और राज्य सरकार के कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


