राज्य कृषि समाचार (State News)

भोपाल संभाग में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 1 अप्रैल से होगा शुरू, अधिकारी तैयारियों की समीक्षा में जुटे  

12 मार्च 2026, भोपाल: भोपाल संभाग में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 1 अप्रैल से होगा शुरू, अधिकारी तैयारियों की समीक्षा में जुटे – मध्यप्रदेश के भोपाल संभाग के जिलों में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य 1 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की अपर प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उपार्जन को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में उपार्जन केंद्रों की तैयारियां, पंजीकृत किसानों की स्थिति, भंडारण व्यवस्था, परिवहन, तौल व्यवस्था तथा किसानों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियों को लेकर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव (एसीएस) ने निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन का कार्य गोदाम स्तरीय केन्द्रों पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि भंडारण और परिवहन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

बैठक में एसीएस ने उपार्जन कार्य से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूं के परिवहन, उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता तथा बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटे, पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली गई। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि उपार्जित गेहूं के परिवहन और भंडारण की प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से की जाए।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्यों हेतु जारी एसओपी का अक्षरशः पालन कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विदिशा जिले में एनआईसी वीसी कक्ष से कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने बैठक में भाग लिया। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अनिल तंतुवाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने जिले में बनाए जाने वाले उपार्जन केंद्रों, बारदाना की उपलब्धता, तौल कांटों की व्यवस्था, परिवहन और भंडारण की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्था पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसानों से गेहूं खरीदी प्रक्रिया समय पर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements