मध्यप्रदेश में बदला मौसम: भिंड-दतिया समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
20 मार्च 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में बदला मौसम: भिंड-दतिया समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी – मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भोपाल के अनुसार, भिंड, दतिया, सिवनी, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि पकी फसल, बेलदार पौधे और खुले स्थानों में रखे पशुओं को विशेष सुरक्षा की जरूरत है। इसके साथ ही किसानों को कटाई, सिंचाई और रासायनिक उर्वरक या कीटनाशकों के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान और मौसम का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान चंबल, रीवा, शहडोल, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर और नर्मदापुरम संभागों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान चंबल संभाग के जिलों में 2.7°C तक गिरा जबकि अधिकांश जिलों में सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान में भी बदलाव देखा गया, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 12.6°C सबसे कम और सतना में 21.6°C सबसे अधिक दर्ज किया गया।
वर्षा और हवाओं की स्थिति
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। बदनावर में 19.2 मिमी, घोड़ाडोंगरी में 18.0 मिमी और बड़वानी में 14.8 मिमी वर्षा हुई। अलीराजपुर, बड़वानी, बैतूल, खंडवा, आगर, विदिशा, जबलपुर और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि भी हुई।
तेज हवाओं की गति 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। इसके कारण आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है, विशेषकर भोपाल, जबलपुर, बालाघाट, टीकमगढ़, मंडला, सतना, छतरपुर और अन्य जिलों में।
पांच सबसे गर्म और सबसे ठंडे जिले
सबसे अधिकतम तापमान वाले जिले: खरगौन 38.4°C, खजुराहो 38.3°C, खंडवा 38.1°C, रायसेन 38.0°C, सतना 36.7°C।
सबसे न्यूनतम तापमान वाले जिले: पचमढ़ी 12.6°C, मंदसौर 14.8°C, इंदौर 15.0°C, मखेड़ा 15.1°C, राजगढ़ 15.5°C।
चेतावनी
झंझावात, ओलावृष्टि और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं की संभावना दतिया, भिंड, सिवनी, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में।
झंझावात और 30-40 किमी/घंटा की हवाओं के साथ आंधी-तूफान भोपाल, श्योपुर कलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, मैहर जिलों में। 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना जिलों में।
किसानों के लिए मौसम सुझाव
– पकी फसलों (गेहूं, दलहन, सरसों) की कटाई कर सुरक्षित भंडारण करें।
-इस अवधि में सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक का उपयोग न करें।
-बेलदार पौधों को सहारा दें और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
-कटाई की गई उपज को तिरपाल या सुरक्षित स्थान पर रखें।
-ओलावृष्टि/बारिश के बाद फसलों को रोगों से बचाने के लिए उचित फफूंद नाशक का प्रयोग करें।
-पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और बिजली गिरने की स्थिति में खुले खेतों में चराने से बचें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

