आगर-मालवा के दो प्रगतिशील किसान गणतंत्र दिवस 2026 में होंगे विशेष अतिथि, जिले को मिला राष्ट्रीय सम्मान
22 जनवरी 2026, भोपाल: आगर-मालवा के दो प्रगतिशील किसान गणतंत्र दिवस 2026 में होंगे विशेष अतिथि, जिले को मिला राष्ट्रीय सम्मान – मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के लिए यह अत्यंत गौरव, हर्ष एवं सम्मान का विषय है कि जिले के दो प्रगतिशील कृषकों का चयन गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए विशेष अतिथि के रूप में किया गया है।
सोयतकलां निवासी श्रीमती अवंतीबाई पति श्री गजानन्द कुशवाह एवं ग्राम आक्याखेड़ी, आगर निवासी श्रीमती अंगूरबाला पति रोहित शर्मा को गणतंत्र दिवस समारोह के साक्षी बनने हेतु आमंत्रित किया गया है। यह चयन जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
राष्ट्रीय पर्व के इस भव्य आयोजन में देशभर से चयनित विशिष्ट अतिथियों के साथ आगर-मालवा जिले का प्रतिनिधित्व होना, जिले के कृषकों की मेहनत, नवाचार एवं उत्कृष्ट कृषि कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता को दर्शाता है। चयनित दोनों कृषकों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं सतत कृषि मॉडल को अपनाकर न केवल अपनी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने हैं।
इस संबंध में उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, विजय चौरसिया ने बताया कि यह उपलब्धि केवल इन कृषकों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि जिले के समस्त कृषक समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह चयन इस बात का प्रमाण है कि जिले के किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को लाभकारी व्यवसाय बना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान अन्य कृषकों को भी नवाचार अपनाने एवं उन्नत कृषि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा आगर-मालवा जिले को कृषि के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


