राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषक उन्नति योजना का कमाल! ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि से किसान ने खरीदा ट्रैक्टर, खेती हुई आसान

27 जुलाई 2026, रायपुर: कृषक उन्नति योजना का कमाल! ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि से किसान ने खरीदा ट्रैक्टर, खेती हुई आसान – छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का जरिया बनती जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, जिसका उपयोग किसान ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और सिंचाई सुविधाएं विकसित करने में कर रहे हैं। इससे खेती में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है, लागत घट रही है और किसानों की आय में भी इजाफा हो रहा है।

प्रोत्साहन राशि से खरीदा ट्रैक्टर

सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम चकेरी निवासी किसान रामसाय इस योजना की सफलता का उदाहरण हैं। करीब 3.5 एकड़ कृषि भूमि वाले रामसाय ने इस वर्ष अपनी 69 क्विंटल धान की उपज समर्थन मूल्य पर सहकारी समिति में बेची। इसके बाद उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि मिली। अपनी बचत जोड़कर उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा, जिससे खेती के काम पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो गए।

कम हुई लागत, समय पर होने लगे कृषि कार्य

रामसाय बताते हैं कि पहले जुताई समेत अधिकांश कृषि कार्यों के लिए उन्हें दूसरे किसानों या किराए के ट्रैक्टर पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय भी अधिक लगता था और खर्च भी बढ़ जाता था। ट्रैक्टर खरीदने के बाद अब खेत की जुताई और अन्य कृषि कार्य समय पर पूरे होने लगे हैं। इससे श्रम और लागत में कमी आई है, खेती की दक्षता बढ़ी है और समय पर बुवाई होने से बेहतर उत्पादन की संभावना भी मजबूत हुई है।

आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे किसान

राज्यभर में बड़ी संख्या में किसान कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का उपयोग आधुनिक कृषि उपकरण, ट्रैक्टर, सिंचाई सुविधाएं और अन्य कृषि निवेशों में कर रहे हैं। इससे कृषि मशीनीकरण को बढ़ावा मिल रहा है और किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक वैज्ञानिक और लाभकारी बना रहे हैं।

किसानों को आर्थिक मजबूती दे रही योजना

रामसाय का कहना है कि कृषक उन्नति योजना से मिली सहायता ने उन्हें आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने का अवसर दिया, जिससे खेती पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और लाभदायक हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आधुनिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित कर रही हैं।

कृषि मशीनीकरण को मिल रही नई रफ्तार

राज्य सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना प्रदेश में कृषि मशीनीकरण, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आर्थिक समृद्धि को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों तक पहुंच मिल रही है, जिससे खेती अधिक टिकाऊ, लाभकारी और आत्मनिर्भर बन रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture