पांढुर्ना में मप्र सहायक पटवारी संगठन ने ज्ञापन सौंपा
07 फरवरी 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना): पांढुर्ना में मप्र सहायक पटवारी संगठन ने ज्ञापन सौंपा – मप्र सहायक पटवारी संगठन की पांढुर्ना जिला इकाई के सदस्यों द्वारा गत दिनों राजस्व विभाग अंतर्गत कार्यरत स्थानीय युवा सर्वेयरों की कार्य सुरक्षा , मानदेय , पहचान एवं भविष्य से संबंधित मांगों को लेकर कलेक्टर को सम्बोधित ज्ञापन नेहा सोनी , संयुक्त कलेक्टर ,पांढुर्ना को सौंपा।
संगठन के जिला अध्यक्ष श्री भूपकिशोर आरसे द्वारा ज्ञापन में 7 बिंदुओं में संगठन सदस्यों की समस्याओं का उल्लेख किया है। जिसमें राजस्व विभाग अंतर्गत गिरदावरी ,सर्वेक्षण, फार्मर आईडी एवं अन्य मैदानी कार्यों में स्थानीय युवा सर्वेयर कई वर्षों से निरंतर , निष्ठापूर्वक प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप पटवारी के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं , लेकिन चिंताजनक बात यह है कि राजस्व विभाग में इतना महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद भी इन सर्वेयरों को न तो नियमित एवं निश्चित मानदेय मिलता है और न ही इनकी कोई स्पष्ट पदगत पहचान है। यही नहीं कार्य / सामाजिक सुरक्षा भी नहीं मिलने से तनाव एवं भविष्य की अनिश्चितताओं से चिंतित हैं।
संगठन ने सर्वोच्च न्यायालय /उच्च न्यायालय के निर्णयों के सिद्धांतों का हवाला देते हुए मांग की है कि यदि किसी व्यक्ति से निरंतर प्रकृति का कार्य किया जाता है तो उसे सम्मानजनक पारिश्रमिक , पहचान और मानवीय कार्य परिस्थिति प्रदान करना राज्य का दायित्व है। इसी संदर्भ में संगठन द्वारा ज्ञापन में नियमित एवं निश्चित मानदेय / कार्य स्थायित्व ,कार्य एवं प्रकृति के अनुरूप सहायक पटवारी अथवा समकक्ष उपयुक्त प्रशासनिक पहचान देने ,प्रत्येक कृषि मौसम में अनावश्यक नई भर्ती की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने , अधिकृत पहचान पत्र की व्यवस्था करने, फार्मर आईडी का लंबित भुगतान शीघ्र करने , तहसील सौंसर के सर्वेयरों का भुगतान करने , प्रशिक्षण व्यवस्था एवं भविष्य में पदोन्नति के अवसर देने एवं फील्ड कार्य के दौरान जीवन रक्षा किट देने के साथ ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


