राज्य कृषि समाचार (State News)

मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज MSP पर खरीदी जाए, केंद्र और राज्य सरकार तत्काल निर्णय लें : जीतू पटवारी

07 जुलाई 2026, भोपाल: मूंग उत्पादक किसानों की पूरी उपज MSP पर खरीदी जाए, केंद्र और राज्य सरकार तत्काल निर्णय लें : जीतू पटवारी – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रदेश के ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादक किसानों की संपूर्ण उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर शत-प्रतिशत उपार्जन सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है। श्री पटवारी ने अपने पत्र में कहा है कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी दलहन उत्पादक राज्य है।

प्रदेश के किसानों ने सरकार की नीतियों पर विश्वास करते हुए अधिक निवेश कर रिकॉर्ड मूंग उत्पादन किया, लेकिन आज वही किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। हरदा सहित प्रदेश के अनेक जिलों में किसान विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, क्योंकि सरकार उत्पादन बढ़ाने के लिए तो प्रोत्साहित करती है, लेकिन पूरी उपज खरीदने से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी मूंग खरीदी में अव्यवस्था, सीमित उपार्जन, भुगतान में देरी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसानों को आंदोलन करना पड़ा था। दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस वर्ष भी वही स्थिति दोहराई जा रही है। श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रदेश में वास्तविक उत्पादन की तुलना में खरीदी का लक्ष्य बेहद कम रखा गया है। यदि यही स्थिति रही तो हजारों किसानों को अपनी मेहनत की उपज समर्थन मूल्य से कम दाम पर निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार स्वयं दलहन उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने की बात करती है, तब किसानों की पूरी उपज की खरीदी सुनिश्चित न करना उनकी मेहनत और विश्वास के साथ अन्याय है। श्री पटवारी ने पत्र में किसानों के सामने आ रही प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीदी का लक्ष्य वास्तविक उत्पादन से कम है, पंजीयन एवं स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया में अव्यवस्थाएं हैं, खरीदी केंद्रों की संख्या और क्षमता अपर्याप्त है, गुणवत्ता परीक्षण के नाम पर किसानों को अनावश्यक रूप से लौटाया जा रहा है तथा भुगतान और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है।

 उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से सात प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि

प्रदेश के प्रत्येक पंजीकृत किसान की संपूर्ण मूंग उपज का MSP पर शत-प्रतिशत उपार्जन सुनिश्चित किया जाए, खरीदी लक्ष्य तत्काल बढ़ाया जाए,किसी भी किसान को खरीदी से वंचित न किया जाए, खरीदी केंद्रों की संख्या एवं क्षमता बढ़ाई जाए, पंजीयन, स्लॉट और गुणवत्ता परीक्षण से जुड़ी समस्याओं का जिला स्तर पर समाधान किया जाए, किसानों को समय पर भुगतान किया जाए तथा जिन जिलों में किसान आंदोलनरत हैं, वहां वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भेजकर किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। श्री जीतू पटवारी ने कहा कि किसान किसी अनुदान की नहीं, बल्कि अपनी मेहनत की उचित कीमत मांग रहे हैं। यदि सरकार किसानों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है तो उसकी नैतिक एवं संवैधानिक जिम्मेदारी है कि उनकी पूरी उपज का सम्मानजनक मूल्य पर उपार्जन भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस इस विषय को राजनीति का नहीं, बल्कि किसानों के जीवन और आजीविका से जुड़ा गंभीर प्रश्न मानती है। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture