राज्य कृषि समाचार (State News)

‘ड्रोन दीदी अभियान’ से बदलेगी खेती की तस्वीर, तकनीक की उड़ान भरेंगी महिला किसान

24 जून 2026, भोपाल: ‘ड्रोन दीदी अभियान’ से बदलेगी खेती की तस्वीर, तकनीक की उड़ान भरेंगी महिला किसान – कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। ‘ड्रोन दीदी अभियान’ के तहत महिला कृषकों के एक पांच सदस्यीय दल को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण के लिए रायपुर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र परिसर से इस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सभी महिला किसानों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को केवल ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों का कुशल संचालक बनाना भी है। प्रशिक्षण के दौरान महिला किसान ड्रोन संचालन, रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों के सटीक छिड़काव जैसी तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगी।

आज ड्रोन तकनीक खेती में एक नई क्रांति लेकर आई है। इससे कम समय में बड़े क्षेत्र में छिड़काव संभव होता है, श्रम लागत घटती है, रसायनों का संतुलित उपयोग होता है और फसलों की गुणवत्ता में भी सुधार आता है। इसके साथ ही किसानों का समय और संसाधन दोनों बचते हैं। प्रशिक्षित महिला किसान अपने गांवों में अन्य किसानों को भी यह सेवा उपलब्ध कराकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगी।

‘ड्रोन दीदी अभियान’ महिलाओं को कृषि क्षेत्र में नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण, तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा वे पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक कृषि उद्यमिता की मिसाल बन सकेंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार किया गया, तो आने वाले वर्षों में कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का व्यापक उपयोग होगा और महिलाएं इस परिवर्तन की अग्रणी भूमिका निभाएंगी। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल स्पष्ट करती है कि भविष्य की खेती तकनीक आधारित होगी, जिसमें महिला किसान केवल सहभागी नहीं, बल्कि परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता भी बनेंगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture