देवास कलेक्टर ने ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का किया निरीक्षण
30 जनवरी 2026, देवास: देवास कलेक्टर ने ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का किया निरीक्षण – ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का जायजा लेने कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह बुधवार को सोनकच्छ और हाटपिपल्या विधानसभा के प्रभावित गांवों के खेतों में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विधायक सोनकच्छ डॉ राजेश सोनकर, हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी, बागली विधायक श्री मुरली भंवरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम सोनकच्छ श्रीमती प्रिया चंद्रावत सहित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने सोनकच्छ विधानसभा के ग्राम पीरपाड़ल्या, मऊ एवं हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमलाताज, बढ़ियामाण्डू, रम्मलखेड़ी, खजुरियाबीना का भ्रमण कर ओलावृष्टि के कारण हुए फसल नुकसान का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री सिंह ने ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का अवलोकन कर राजस्व और कृषि विभाग के संयुक्त दल को फसल नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे के लिए छूटना नहीं चाहिए। कलेक्टर ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि सर्वे में कोई लापरवाही न हो, प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत मिले। इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी प्रभावित किसान का खेत सर्वे से न छूटे। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिये कि राजस्व एवं कृषि विभाग के दल द्वारा प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कर ड्रोन वीडियो और फोटो निकालें। दल द्वारा पंचनामा बनाकर प्रभावित किसान की जानकारी ग्राम पंचायत में चस्पा भी कराएं ।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के अवलोकन के दौरान किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया है कि फसल नुकसान का पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सर्वे कार्य कर आकलन किया जाएगा। सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जायेगा। सरकार आपके साथ खड़ी है, जैसे ही इस बात की सूचना मिली कि कल यहां पर काफी भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है, तो तत्काल ही तहसीलदार को यहां पर सर्वे करने का निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार का प्राकृतिक हानि या आपदा होती है तो उसमें सरकार आप सभी के साथ खड़ी है और इसी के संबंध में कल रात को ही सर्वे करने के दिशा निर्देश दे दिये गये थे। आप सभी को मैं आश्वस्त करना चाहूंगा कि आप लोग चिंता ना करें। अच्छी तरीके से शीघ्र ही सर्वे पूरा करवाएंगे। सर्वे कराने के बाद उसकी पूरी सूची ग्राम पंचायत में यहां पर चस्पा भी की जाएगी और आप लोगों के देखने के लिए भी रहेगा कि आप लोगों कितना मुआवजा बन रहा है और जल्दी ही हम लोग आप लोगों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से काम करेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि आप लोगों ने फसल का बीमा भी करवा रखा है तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर फसल बीमा के लिए आवेदन कर सकते हैं । इसके अलावा स्मार्टफोन में क्रॉप इंश्योरेंस एप्लीकेशन है, उसको डाउनलोड करके भी आप आवेदन कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


