राज्य कृषि समाचार (State News)

फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़े पर होगी सख्त कार्रवाई, पात्र किसानों को समय पर मिले लाभ: कृषि आयुक्त  

25 अगस्त 2026, जयपुर: फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़े पर होगी सख्त कार्रवाई, पात्र किसानों को समय पर मिले लाभ: कृषि आयुक्त – राजस्थान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिले और फसल बीमा पॉलिसियों में किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा, अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। योजना के प्रत्येक चरण की प्रभावी मॉनिटरिंग और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए सोमवार को कृषि आयुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में फसल बीमा पॉलिसियों की जांच और अनुमोदन, ऑफलाइन गांवों एवं नए ऋणी किसानों की पॉलिसियां, ऑनलाइन फसल कटाई प्रयोग तथा पोस्ट हार्वेस्ट नुकसान के मामलों की समीक्षा की गई।

फसल बीमा पॉलिसियों की होगी गहन जांच

बैठक में अधिकारियों को फसल बीमा पॉलिसियों का सत्यापन निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कृषि आयुक्त ने कहा कि पॉलिसियों की जांच के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

ऑफलाइन गांवों और नए ऋणी किसानों पर विशेष फोकस

बैठक में ऑफलाइन गांवों और नए ऋणी किसानों की फसल बीमा पॉलिसियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को ऐसी पॉलिसियों का डीएलएमसी से नियमानुसार अनुमोदन कराने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र किसान फसल बीमा सुरक्षा से वंचित न रहे।

फसल कटाई प्रयोग में पारदर्शिता जरूरी

कृषि आयुक्त ने ऑनलाइन फसल कटाई प्रयोगों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोगों से प्राप्त आंकड़े किसानों को मिलने वाले बीमा दावों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पोस्ट हार्वेस्ट नुकसान के मामलों में समय पर सर्वे

बैठक में पोस्ट हार्वेस्ट नुकसान के मामलों में प्राप्त इंटिमेशन और नियमानुसार सर्वे की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित किसानों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर सर्वे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को योजना के तहत मिलने वाले लाभ में देरी न हो।

फर्जीवाड़े पर होगी कठोर कार्रवाई

बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़े, गलत जानकारी, अनियमित पॉलिसी या नियमों के उल्लंघन के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। कृषि आयुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन में बाधा डालने वाले और फर्जीवाड़ा करने वाले किसी भी हितधारक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए योजना के प्रत्येक चरण की प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक कृषि (आदान) गोपाल लाल, संयुक्त निदेशक कृषि (फसल बीमा) जगदेव सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विभाग के अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार), संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद और सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture