राज्य कृषि समाचार (State News)

बिना ई-विकास प्रणाली के उर्वरक विक्रय पर होगी कड़ी कार्यवाही : कलेक्टर छिंदवाड़ा

उर्वरक विक्रेताओं का ई-विकास प्रणाली पोर्टल संबंधी प्रशिक्षण आयोजित

12 अप्रैल 2026, छिंदवाड़ा: बिना ई-विकास प्रणाली के उर्वरक विक्रय पर होगी कड़ी कार्यवाही : कलेक्टर छिंदवाड़ा – जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष छिंदवाड़ा में सेवा सहकारी समितियों, मार्केटिंग समितियों के प्रबंधकों एवं थोक उर्वरक विक्रेताओं का ई-विकास प्रणाली पोर्टल संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री नारायन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन के निर्देशानुसार 01 अप्रैल 2026 से प्रदेश में उर्वरकों का शत-प्रतिशत वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ही किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने सभी समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि उर्वरक का विक्रय केवल ई-विकास पोर्टल एवं पीओएस मशीन के माध्यम से ही किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि शासन स्तर से उर्वरक वितरण की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि ई-विकास प्रणाली एवं पीओएस मशीन के माध्यम से किए गए विक्रय में अंतर पाया जाता है, तो इसे गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने ई-विकास प्रणाली के संशोधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए समिति प्रबंधकों की शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल संचालन में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर लिखित रूप में अवगत कराएं, ताकि समय पर निराकरण किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि गोदाम में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक एवं पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक में किसी प्रकार का अंतर पाए जाने पर सत्यापन उपरांत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन बुकिंग में आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु कृषि, सहकारिता, राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों तथा निजी विक्रेताओं से सहयोग लेने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि शासन के निर्देशानुसार सेवा सहकारी समितियों, मार्कफेड गोदाम एवं निजी विक्रय केन्द्रों द्वारा उर्वरक उठाव के लिए कृषकों का पंजीयन पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसान इस प्रणाली से जुड़ सकें और उन्हें समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements