सोनमऊ के संजय ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बढ़ाई अपनी आय
02 अप्रैल 2026, छिन्दवाड़ा: सोनमऊ के संजय ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बढ़ाई अपनी आय – किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन द्वारा उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने, पॉलीहाउस एवं शेडनेट जैसी संरचनाओं पर अनुदान, उन्नत बीज एवं पौध सामग्री की उपलब्धता, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, तथा तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के मैदानी अमले द्वारा किसानों से सतत संपर्क कर उन्हें नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर अधिक लाभकारी खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम सोनमऊ के युवा कृषक श्री संजय शिव प्रसाद चौधरी के रूप में सामने आया है, जिन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। पूर्व में पारंपरिक खेती से जीवन यापन करने वाले श्री चौधरी को लगभग 1 लाख रुपये वार्षिक शुद्ध आय प्राप्त होती थी। विभागीय अमले के संपर्क में आने और उनके मार्गदर्शन से उन्होंने उद्यानिकी फसलों की तकनीकी खेती प्रारंभ की। इसके तहत उन्होंने अपनी 1 एकड़ भूमि पर पॉलीहाउस का निर्माण कराया, जिसकी कुल लागत 38 लाख रुपये रही, जिसमें से 19 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।
पॉलीहाउस में वे लगभग 22,000 ट्रे में टमाटर, मिर्च, बैंगन, तरबूज, खरबूज एवं शिमला मिर्च के करीब 25 लाख पौधे तैयार करते हैं। इन पौधों के उत्पादन से लेकर विक्रय तक 1 से 3 माह में लगभग 30 लाख रुपये का व्यय होता है। किसानों की मांग के अनुसार पौधों का विक्रय कर उन्हें लगभग 35 लाख रुपये की आय प्राप्त होती है, जिससे प्रति 3 माह में लगभग 5 लाख रुपये की शुद्ध बचत हो रही है। श्री चौधरी ने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है, बल्कि अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देकर किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में शासन निरंतर कार्य कर रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

