राज्य कृषि समाचार (State News)

मूंग-उड़द किसानों को राहत: सरकारी खरीदी की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ी, उड़द पर मिलेगा 600 रुपए बोनस

13 अगस्त 2026, भोपाल: मूंग-उड़द किसानों को राहत: सरकारी खरीदी की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ी, उड़द पर मिलेगा 600 रुपए बोनस – मध्य प्रदेश के मूंग और उड़द उत्पादक किसानों के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की सरकारी खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 अगस्त 2026 कर दी है। इससे किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

वहीं, मूंग की सरकारी खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का अवसर मिलेगा। मूंग खरीदी नीति में बदलाव

किसानों के हित में सरकार ने मूंग के उपार्जन से जुड़ी नीति में भी आंशिक संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत अब किसानों के कुल मूंग उत्पादन का 60 प्रतिशत तक उपार्जन किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस बदलाव से खरीदी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी तथा अधिक किसानों को सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा।

उड़द पर MSP के अलावा 600 रुपए बोनस

उड़द उत्पादक किसानों के लिए भी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। किसानों को MSP के अतिरिक्त 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही उड़द की खेती के प्रति किसानों का रुझान बढ़ने की उम्मीद है।

सरकार के इस निर्णय से किसानों की आय बढ़ाने, दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने और प्रदेश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। साथ ही, किसानों को बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव के बीच अपनी उपज के लिए बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। सरकार का जोर कृषि क्षेत्र में किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ उत्पादन बढ़ाने और दलहन जैसी महत्वपूर्ण फसलों के रकबे में विस्तार पर है। मूंग-उड़द की सरकारी खरीदी की अवधि बढ़ाने और उड़द पर बोनस देने जैसे फैसलों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture