राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: बीज निगम ने जुगल किशोर को निदेशक पद से हटाया, मैनेजिंग डायरेक्टर ने जारी किए आदेश

11 जून 2026, जयपुर: राजस्थान: बीज निगम ने जुगल किशोर को निदेशक पद से हटाया, मैनेजिंग डायरेक्टर ने जारी किए आदेश –  राजस्थान राज्य बीज निगम ने निगम हितों को सर्वोपरि रखते हुए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। निगम के अशासकीय निदेशक जुगल किशोर पुत्र  सतपाल को निदेशक मंडल के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि जुगल किशोर का मनोनयन राजस्थान राज्य बीज निगम की 47वीं वार्षिक साधारण सभा में दिनांक 10 फरवरी 2026 को निगम के निदेशक मंडल में निदेशक के पद पर किया गया था। किन्तु हाल ही में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा भ्रष्टाचार से संबंधित एक प्रकरण में उनकी गिरफ्तारी के पश्चात निगम की साख, पारदर्शिता एवं जनविश्वास को बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

राजस्थान राज्य बीज निगम ने स्पष्ट किया है कि संस्था की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। निगम किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य करता है।

निगम प्रबंधन का मानना है कि सार्वजनिक संस्थाओं में जनविश्वास बनाए रखने के लिए उच्च नैतिक मानकों का पालन आवश्यक है तथा इसी दृष्टिकोण से यह निर्णय लिया गया है। निगम ने आश्वस्त किया है कि किसानों एवं हितधारकों के हितों की रक्षा तथा संस्थागत गरिमा को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements